WTC Final IND vs NZ: टीम इंडिया ने एक दिन पहले कर दिया प्‍लेइंग XI का ऐलान, जानिए किसे मिला मौका

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 17, 2021, 08:00 PM IST

IND vs NZ, WTC Final 2021: बीसीसीआई ने विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम की प्‍लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है। जानिए किसे मिला मौका और कौन हुआ बाहर।

WTC Final IND vs NZ: टीम इंडिया ने एक दिन पहले कर दिया प्‍लेइंग XI का ऐलान, जानिए किसे मिला मौका
Photo Credit: Twitter

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार को आईसीसी विश्‍व टेस्‍ट चैंपियनशिप फाइनल (WTC Final) के लिए भारत की शीर्ष एकादश (प्‍लेइंग-11) की घोषणा कर दी है। बीसीसीआई ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। टीम की कमान विराट कोहली के हाथों में होगी जबकि अजिंक्‍य रहाणे उप-कप्‍तान की भूमिका निभाएंगे। भारत औरन्‍यूजीलैंड के बीच शुक्रवार से साउथैम्‍प्‍टन में डब्‍ल्‍यूटीसी फाइनल शुरू होगा। भारतीय समयानुसार मुकाबला दोपहर 3 बजे शुरू होगा।

भारतीय टीम ने ओपनिंग की जिम्‍मेदारी युवा शुभमन गिल और रोहित शर्मा को सौंपी है। वहीं मिडिल ऑर्डर की जिम्‍मेदारी चेतेश्‍वर पुजारा, कप्‍तान विराट कोहली, अजिंक्‍य रहाणे और रिषभ पंत के कंधों पर होगी।

रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन स्पिनर्स के साथ-साथ ऑलराउंडर की भूमिका भी निभाएंगे। इंग्‍लैंड में रवींद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन 2014 के बाद पहली बार एकसाथ टेस्‍ट खेलेंगे। इंग्‍लैंड में अश्विन की गेंद के साथ औसत 39.92 और बल्‍ले के साथ 25.77 की है। वहीं जडेजा की बल्‍ले से 55 जबकि गेंद से 42.37 औसत है। इंग्‍लैंड में 2014 और 2018 दौरों में दोनों क्रिकेटरों ने कम से कम 5 टेस्‍ट खेले हैं।

इसके अलावा जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा और मोहम्‍मद शमी अपनी रफ्तार से कीवी बल्‍लेबाजों के मन में खौफ पैदा करने की कोशिश करेंगे। भारतीय टीम तीन तेज गेंदबाजों और दो स्पिनरों के साथ मैदान संभालेगी।

भारतीय टीम इस प्रकार से है: 

विराट कोहली (कप्‍तान), रोहित शर्मा, शुभमन गिल, चेतेश्‍वर पुजारा, अजिंक्‍य रहाणे (उप-कप्‍तान), रिषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, ईशांत शर्मा और मोहम्‍मद शमी।

इन्‍हें नहीं मिली जगह

भारत ने इससे पहले 15 जून को 15 सदस्‍यीय टीम की घोषणा की थी, जिसमें से उमेश यादव, मोहम्‍मद सिराज, हनुमा विहारी और रिद्धिमान साहा अंतिम एकादश में जगह बनाने में सफल नहीं हो सके हैं। 

ईशांत के खेलने पर सस्‍पेंस हटा

आखिरकार, ईशांत शर्मा के खेलने पर से सस्‍पेंस हट गया है। कई लोगों का मानना था कि युवा मोहम्‍मद सिराज को ईशांत शर्मा पर तरजीह मिलनी चाहिए और उन्‍हें तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में उतारना चाहिए। मगर कई क्रिकेट विशेषज्ञों ने कहा था कि ईशांत के पास अपार अनुभव है और वह इंग्‍लैंड में पहले भी खेल चुके हैं। उन्‍होंने इंग्‍लैंड में भी दमदार प्रदर्शन किया है। 

ईशांत का बाएं हाथ के बल्‍लेबाजों के खिलाफ रिकॉर्ड भी बेहतर है। न्‍यूजीलैंड में कई बाएं हाथ के बल्‍लेबाज हैं, इसे देखते हुए शर्मा को अंतिम एकादश में सिराज पर तरजीह मिली। हालांकि, जसप्रीत बुमराह और मोहम्‍मद शमी का खेलना तय माना जा रहा था।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!