'गांगुली के बोलने का कोई मतलब नहीं था'..विराट-बीसीसीआई मामले में दिलीप वेंगसरकर ने दिया तीखा बयान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 22, 2021, 09:54 PM IST

Indian cricket team captaincy issue, Dilip Vengsarkar reacts: भारत के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर दिलीप वेंगसरकर ने विराट कोहली और बीसीसीआई के बीच चल रहे विवाद पर सौरव गांगुली को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है।

'गांगुली के बोलने का कोई मतलब नहीं था'..विराट-बीसीसीआई मामले में दिलीप वेंगसरकर ने दिया तीखा बयान
Photo Credit: Twitter

भारत के पूर्व कप्तान और चयन समिति के पूर्व प्रमुख दिलीप वेंगसरकर का मानना है कि बोर्ड अध्यक्ष सौरव गांगुली को राष्ट्रीय चयनकर्ताओं की ओर से विराट कोहली की कप्तानी के मसले पर नहीं बोलना चाहिये था।

दक्षिण अफ्रीका दौरे पर जाने से पहले विराट ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि बीसीसीआई में से किसी ने उनसे टी20 कप्तानी छोड़ने के लिये नहीं कहा था । गांगुली ने यह दावा किया था कि उन्होंने इस मसले पर कप्तान से बात की थी।

वेंगसरकर ने पीटीआई से कहा, ‘‘चयन समिति की ओर से गांगुली के बोलने का कोई मतलब नहीं था । वह बीसीसीआई अध्यक्ष हैं । चयन या कप्तानी के मामले पर चयन समिति के प्रमुख चेतन शर्मा को बोलना चाहिये था।’’

गांगुली ने कहा था कि टी20 टीम की कप्तानी छोड़ने के विराट के फैसले के बाद रोहित शर्मा को वनडे टीम का भी कप्तान बनाने का फैसला लिया गया क्योंकि सीमित ओवरों के दो प्रारूपों में दो अलग अलग कप्तान रखने की तुक नहीं है। वेंगसरकर ने कहा, ‘‘कप्तान को चुनना या हटाना चयन समिति का फैसला है। गांगुली के कार्यक्षेत्र में यह नहीं आता।’’

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!