ENG vs SA: बेन स्टोक्स अपने आखिरी वनडे में नहीं जमा सके रंग, 5 ओवर रहे बेअसर, बल्ले से निकले 5 रन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 20, 2022, 12:58 AM IST

Ben Stokes last ODI Performance: इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के के बीच डरहम के चेस्टर ली स्ट्रीट में तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। यह बेन स्टोक्स का आखिरी वनडे था।

ENG vs SA: बेन स्टोक्स अपने आखिरी वनडे में नहीं जमा सके रंग, 5 ओवर रहे बेअसर, बल्ले से निकले 5 रन
Photo Credit: AP

इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स ने अपना आखिरी वनडे मैच मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला। फैंस को स्टोक्स से यादगार प्रदर्शन की उम्मीद थी कि लेकिन वह रंग नहीं जमा सके। उन्होंने डरहम में अपने होमग्राउंड पर ना तो गेंद से कमाल दिखाया और ना ही बल्ले से छाप छोड़ने में कामयाब हुए। यह उनका 105वां वनडे मुकाबला था। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने के बाद इंग्लैंड के विरुद्ध 333/5 का विशाल स्कोर खड़ा किया।

5 ओवर बेअसर, बल्ले से निकले 5 रन

स्टोक्स ने अंतिम वनडे मैच में 5 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें वह बेअसर साबित हुए। उन्हें 44 रन खर्च करने के बावजूद कोई विकेट नहीं मिला। वहीं, स्टोक्स जब बल्लेबाजी के लिए आए तो उन्होंने 11 गेंदों में केवल 5 रन का योगदान दिया। उनकी पारी का अंत एडेन मार्कराम ने 28वें ओवर की छठी गेंद गेंद पर किया। वह गेंद को पिच पर पड़ने के बाद समझ नहीं पाए और एलबीडब्ल्यू हो गए। गौरतलब है कि स्टोक्स ने वनडे करियर में 105 मैचों में 38.99 की औसत से 2,924 रन बनाए। उन्होंने तीन शतक और 21 अर्धशतक ठोके। इसके अलावा, स्टोक्स ने 6.06 के इकोनॉमी रेट से 74 विकेट चटकाए।

आखिरी वनडे में इमोशनल हुए स्टोक्स

स्टोक्स जब होमग्राउंड पर आखिरी वनडे खेलने के लिए उतरे तो स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने उनका तालियों से जोरदार स्वागत किया। वह फील्डिंग के लिए मैदान पर आने के बाद इमोशनल हो गए और उनके आंसू छलक पड़े। इंग्लैंड क्रिकेट ने स्टोक्स का वीडियो अपने आधिकारिक ट्विटर अकाऊंट पर शेयर किया। बता दें कि वनडे से संन्यास के बाद स्टोक्स टेस्ट और टी20 क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे। उन्होंने सोमवार को वनडे रिटायरमेंट का ऐलान करते हुए कहा, ''तीन प्रारूपों में खेलना मेरे लिए मुश्किल हो रहा है। मैं अपना सबकुछ टेस्‍ट क्रिकेट को दूंगा और इस फैसले के साथ मेरा मानना है कि मैं टी20 प्रारूप को भी पूरा समर्पण दे सकूंगा।''

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!