शहर

सरकारी नौकर बनते ही बदला पति, रचाने चला दूसरी शादी; पानी की टंकी पर चढ़कर बीवी ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा

राजस्थान के दौसा में पति के दूसरी शादी करने की आशंका के बाद विवाहिता पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला सुबह करीब 6 बजे टंकी पर चढ़ी और लगातार आत्महत्या करने की चेतावनी देती रही।

Image

दौसा में महिला टंकी पर चढ़ी

दौसा : जिले के राहुवास थाना क्षेत्र में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला अपने पति की दूसरी शादी का विरोध करते हुए पानी की टंकी पर चढ़ गई। महिला करीब सात घंटे तक टंकी पर बैठी रही और लगातार पति व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाती रही। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और महिला को समझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद आखिरकार महिला को सुरक्षित नीचे उतारा गया।

महिला का आरोप है कि उसकी शादी कई साल पहले हुई थी। उस समय उसका पति बेरोजगार था, लेकिन शादी के बाद रेलवे में उसकी नौकरी लग गई। नौकरी मिलने के बाद पति का व्यवहार बदल गया और उसने पत्नी से दूरी बनानी शुरू कर दी। पीड़िता का कहना है कि अब उसका पति बिना तलाक दिए दूसरी शादी रचाने की तैयारी कर रहा है, जिसका वह लगातार विरोध कर रही है।

दहेज प्रताड़ना का आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और कई बार घर से निकालने की कोशिश भी की गई। न्याय नहीं मिलने और लगातार अनदेखी से परेशान होकर उसने पानी की टंकी पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस प्रशासन हालात संभालने में जुटा रहा।

करीब सात घंटे तक चले इस हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस अधिकारियों और परिजनों ने महिला को कार्रवाई का भरोसा दिया, जिसके बाद वह नीचे उतरने को राजी हुई। फिलहाल राहुवास थाना पुलिस महिला की शिकायत के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गई है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने महिला के पीहर पक्ष के लोगों को भी भराव गांव से मौके पर बुलाया। जानकारी के अनुसार अनीता निवासी भराव थाना सिकंदरा की शादी वर्ष 2017 में राहुवास निवासी धनराज से हुई थी। शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और फिलहाल महिला अपने पीहर में रह रही थी।

करीब 7 घंटे तक चली समझाइश और मशक्कत के बाद पुलिस टीम ने महिला को सुरक्षित नीचे उतार लिया। झांपदा एसएचओ मनीषा मीणा ने महिला को समझाइश देकर नीचे उतरने के लिए राजी किया। इसके बाद पुलिस महिला से पूरे मामले में लिखित शिकायत ले रही है। राहुवास थाना पुलिस का कहना है कि पति द्वारा दूसरी शादी किए जाने या उसकी तैयारी को लेकर अब तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। फिलहाल पुलिस महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!