शहर

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी का मौसम, कश्मीर में सर्दी का नया दौर शुरू; हिमाचल में भी अलर्ट जारी

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में रविवार को कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी हुई। कश्मीर में अब ‘चिल्ला-ए-खुर्द’ की शुरुआत हो चुकी है, इसके साथ ही तापमान में हल्का सुधार भी देखने को मिला है। देखा गया, जबकि गुलमर्ग सबसे ठंडा रहा। हिमाचल में येलो अलर्ट जारी है और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रहने की संभावना है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में रविवार को बर्फबारी और बारिश हुई। वहीं, उत्तरी राज्यों में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई।

जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले के पहलगाम और कुलगाम जिले के काजीगुंड क्षेत्र में हिमपात हुआ, जबकि श्रीनगर शहर सहित दक्षिण कश्मीर के कई इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले दो दिन जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना जताई है।

कश्मीर में चिल्ला-ए-खुर्द का दौर शुरू

जम्मू-कश्मीर में चालीस दिनों की भीषण सर्दी ’चिल्ला-ए-कलां’ के समाप्त होने के बाद शनिवार से 20 दिन का ’चिल्ला-ए खुर्द’ (हल्की सर्दी) शुरू हो गया है।’चिल्ला-ए-खुर्द’ के बाद 10 दिन का ’चिल्ला-ए-बच्चा’ (मामूली सर्दी) शुरू होगा। मौसम विभाग ने बताया कि दो-तीन फरवरी को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में रविवार को हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हुई। राज्य में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं के लिए ’येलो अलर्ट’ जारी किया गया है।

हिमाचल में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को शिमला जिले के शिलारू और कुल्लू जिले के कोठी में पांच सेंटीमीटर हिमपात हुआ, जबकि कुफरी में चार सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। इसी तरह, लाहौल और स्पीति के गोंधला गांव में तीन सेंटीमीटर, शिमला के खदराला में 2.5 सेंटीमीटर, किन्नौर के सांगला में 2.1 सेंटीमीटर और कल्पा में 0.8 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। वहीं मनाली में 10 मिलीमीटर बारिश हुई, जो राज्य में सबसे अधिक थी। इसके बाद हमीरपुर जिले के सुजानपुर तिरा में 7.8 मिलीमीटर, शिमला में 4.2 मिलीमीटर, सोलन में 3.4 मिलीमीटर, नादौन में 2.6 मिलीमीटर और नाहन में 2.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विभाग के अनुसार, राज्य में सबसे कम तापमान लाहौल और स्पीति के तबो में शून्य से नीचे 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।विभाग ने बताया कि हिमाचल के मध्य और ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में दो और तीन फरवरी को हिमपात और बारिश जारी रहने की प्रबल संभावना है।

गुलमर्ग रहा सबसे ठंडा

IMD के अनुसार श्रीनगर शहर में शनिवार रात न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछली रात के 0.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक था। विभाग के अनुसार, बारामूला जिले का गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां तापमान शून्य से सात डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो पिछली रात शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि कोकरनाग में पारा शून्य डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में शून्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article