Varanasi Hot Air Balloon Festival and Boat race: बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में आए दिन ऐसे आयोजन होते हैं जो पर्यटकों को आकर्षित करते हैं। काशी वासी इन आयोजनों को देखकर रोमांचित होते हैं। बनारस में 17 जनवरी से भव्य हॉट एयर बैलून फेस्टिवल और बोट रेस का आयोजन होने जा रहा है। इस दौरान गंगा की लहरों से आसमां तक मस्ती का आलम छाएगा। अगर आप काशी जाने का प्लान बना रहे हैं तो 17 जनवरी के बाद जाना ठीक रहेगा। हॉट एयर बैलून और बोट रेस आपकी यात्रा को और रोमांचित कर देगी।
कब से होगा हॉट एयर बैलून फेस्टिवल Hot Air Balloon Festival Date
काशी में आपको आसमान में हॉट एयर बैलून उड़ते दिखाई देंगे। इस बैलून में सवारी करके आप काशी की भव्यता को ऊपर आसमान से देख सकेंगे। वाराणसी में 17 से 20 जनवरी के बीच हॉट एयर बैलून उड़ान भरेंगे। उससे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ 13 जनवरी को गंगा विलास और टेंट सिटी के उद्घाटन के मौके पर इन आयोजनों का भी शुभारम्भ करेंगे।
क्या है हॉट एयर बैलून
बता दें कि हॉट एयर बैलून गर्म हवा के साथ हवा की दिशा के मुताबिक उड़ते हैं। यह बैलून अमूमन सिंथेटिक गुब्बारा होता है जिसमें एक बड़ी सी बास्केट लगी होती है। इस बास्केट में क्रू और यात्री सवार होते हैं। बैलून में सेफ्टी गियर भी मौजूद रहते हैं और यह हवा की सैर कराता है। इससे पहले भी देव दीपावली के अवसर पर काशी में हॉट एयर बैलून नजर आए थे।
कब होगा बोट रेस का आयोजन
हॉट एयर बैलून फेस्टिवल के अलावा 17 से 20 जनवरी तक दोपहर 12 से 12:30 के बीच दशाश्वमेध घाट से राजघाट के बीच नौका प्रतियोगिता होगी। बोट रेस में रोज 12 टीमें भाग लेंगी और 20 जनवरी को इसका फाइनल होगा। शाम को राजघाट पर संगीत का आयोजन होगा।
