वाराणसी

बाबा विश्वनाथ को बेटे की शादी का कार्ड देकर काशी की मशहूर टमाटर चाट और टिक्की खाने पहुंचीं नीता अंबानी

देश के सबसे बड़े औद्योगिक घराने रिलायंस के मालिक मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस फाउंडेश की चेयरपर्सन नीता अंबानी ने काशी पहुंचकर बाबा विश्वनाथ को अपने बेटे अनंत अंबानी की शादी का कार्ड दिया। इसके बाद उन्होंने काशी की मशहूर टमाटर चाट और आलू टिक्की का स्वाद भी लिया।

Image

काशी में चाट का स्वाद लेतीं नीता अंबानी

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 12 जुलाई को है अनंत और राधिका की शादी
  • 14 जुलाई 2024 को रिसेप्शन रखा गया है
  • गुजरात के जामनगर में हो चुका है प्री-वेडिंग फंक्शन

देश के सबसे बड़े उद्योगपतियों में से एक रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी की जल्द ही शादी होने वाली है। मुकेश अंबानी की पत्नी और रिलायंस फाउंडेशन की चेयरपर्सन नीता अंबानी अपने बेटे अनंत अंबानी की शादी का कार्ड देने के लिए सोमवार 24 मई को काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं। मंदिर में पूजा-अर्चना करने और भगवान शिव को शादी का कार्ड पहुंचाने के बाद नीता अंबानी ने वाराणसी में मशहूर चाट की दुकान पर पहुंचीं। यहां पहुंचकर उन्होंने बनारसत की मशहूर टमाटर चाट और आलू टिक्की का स्वाद लिया।

बेटे अनंत अंबानी और बहू राधिका मर्चेंट की शादी के लिए नीता अंबानी बाबा काशी विश्वनाथ और मां गंगा से आशीर्वाद लेने बनारस पहुंचीं थीं। नीता अंबानी यहां गंगा आरती में भी शामिल हुईं। इसके बाद वह काशी चाट भंडार पहुंची थीं।

नीता अंबानी ने यहां न सिर्फ चाट का स्वाद लिया, बल्कि कारीगरों से इसकी बारीकियों के बारे में भी जाना। वीडियो में वह पूछते हुए सुनाई देती हैं कि टिक्की को कैसे बनाते हो? इसमें ऊपर से क्या डाला है? यहां कई लोग उनसे मिलने भी पहुंचे।

इस दौरान नीता अंबानी ने कहा कि वह अपने बेटे अनंत और राधिका का एक फंक्शन काशी में भी करना चाहेंगी। साथ ही कहा कि वह उन दोनों के साथ काशी जरूर आएंगी। नीता अंबानी ने कहा, हमारे परिवार सहित पूरे देश पर महादेव का आशीर्वाद हमेशा बना रहे।

नीता अंबानी के साथ मशहूर फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा भी काशी पहुंचे थे। नीता अंबानी ने यहां मीडिया से भी बात की और बताया कि वह 10 साल बाद काशी आई हैं। उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की भव्यता देखकर खुशी जतायी।

Nita Ambani

वाराणसी में चाट का स्वाद लेतीं नीता अंबानी

ज्ञात हो कि अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी का मुख्य समारोह शुक्रवार 12 जुलाई को होगा। शादी के इस कार्यक्रम में मेहमानों को पारंपरिक भारतीय पोशाक में आने को कहा गया है। शादी के बाद रविवार 14 जुलाई को रिसेप्शन रखा गया है।

आपको याद ही होगा कि इसी साल की शुरुआत में गुजरात के जामनगर में दोनों की शादी का प्री-वेडिंग कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इस कार्यक्रम में देश और दुनियाभर के सितारे पहुंचे थे। कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ ही बिजनेस लीडर्स और हॉलीवु व बॉलीवुड हस्तियां भी इस कार्यक्रम में आए थे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article