वाराणसी में भोजपुरी स्टार पवन सिंह के नाम पर बड़ा फ्रॉड हुआ है। शहर के एक नामचीन होटल में आयोजित डांडिया कार्यक्रम में पवन सिंह को शिरकत करना था लेकिन ना तो पवन सिंह आए और ना ही कार्यक्रम हुआ। पुलिस ने परमिशन का हवाला देकर कार्यक्रम रोक दिया। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने टिकट रिफंड की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया।
तीन हजार लोगों ने खरीदे थे टिकट
नवरात्रि में डांडिया डांस और गरबा खेलने के लिए होटल डी पेरिस में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। आयोजकों की ओर से दावा किया गया था कि कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार पवन सिंह तमाम फिल्मी हस्तियां आएंगी। कार्यक्रम के लिए ऑनलाइन 800 रुपए और ऑफलाइन 500 रुपए की दर से टिकट बेचे गए। लगभग तीन हजार लोगों ने टिकट खरीदा था। लेकिन मंगलवार की शाम जब लोग होटल पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। लोगों को बताया गया कि डांडिया प्रोग्राम कैंसिल कर दिया गया है। इस सूचना के बाद लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। थोड़ी देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझते हुए बताया कि प्रोग्राम के लिए किसी तरह की परमिशन नहीं ली गई थी।
ऑर्गनाइजर के खिलाफ दर्ज होगा केस
इस बीच लोगों के गुस्से को देख प्रोग्राम के ऑर्गनाइजर फरार हो गए। हंगामा कर रहे लोगों ने पुलिस से लिखित शिकायत की है। एसीपी कैंट नितिन तनेजा के मुताबिक कार्यक्रम के लिए परमिशन नहीं ली गई थी। आयोजकों के खिलाफ केस दर्ज कराया जायेगा। साथ ही टिकट का पैसा भी लौटाया जाएगा। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सिर्फ वाराणसी ही नहीं बल्कि दूर- दूर से लोग पहुंचे थे। इसमें अधिकतर पवन सिंह के फैंस हैं। लखनऊ से दोस्तों के साथ पहुंचे अभिजीत ने बताया कि वो पवन सिंह का परफॉर्मेंस देखने के लिए आए थे। लेकिन यहां तो हमारे साथ धोखा हुआ। बिहार के बक्सर की रहने वाली रिंकी ने बताया कि उन्होंने सोमवार को ऑनलाइन टिकट बुक किया। अगर आयोजकों के पास कार्यक्रम का परमिशन नहीं था तो फिर क्यों टिकट बेचे गए।
