Varanasi News: दालमंडी में फिर गरजा बुलडोजर, 6 मकान ध्वस्त; आसमान में ड्रोन और सड़कों पर पैरामिलिट्री फोर्स तैनात

Varanasi News: वाराणसी के दालमंडी में सोमवार सुबह फिर बुलडोजर गरजा है। 6 मकान जमींदोज किए गए हैं। जून के अंत तक टारगेट रखा गया है। इसलिए काम तेजी से जारी है।

Varanasi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी के सबसे पुराने और घनी आबादी वाले व्यापारिक क्षेत्र दालमंडी में आज सोमवार की सुबह एक बार फिर प्रशासन का पीला पंजा पूरी ताकत से गरजा। इलाके के सुंदरीकरण और सड़क चौड़ीकरण के अभियान के तहत वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA), लोक निर्माण विभाग (PWD) और नगर निगम की संयुक्त टीम ने तड़के सुबह ही ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कड़े सुरक्षा घेरे के बीच आज सुबह 6 बजे शुरू हुए इस बड़े एक्शन में प्रशासन ने सड़क बाधा बन रहे और जर्जर हो चुके 6 और भवनों को पूरी तरह जमींदोज कर दिया। इसके पहले, कल भी यहाँ इसी अभियान के तहत 14 मकान तोड़े गए थे।

dalmandi bulldozer action varanasi news

आज फिर दालमंडी में चला बुलडोजर

अब तक 150 मकानों पर एक्शन, आसमान से ड्रोन रख रहा नजर

दालमंडी को नया स्वरूप देने का यह अभियान पिछले कुछ महीनों से लगातार रह-रह कर चल रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, सुंदरीकरण की राह आसान करने के लिए अब तक लगभग 150 छोटे-बड़े अवैध और जर्जर मकानों को पूरी तरह ध्वस्त किया जा चुका है। चूंकि दालमंडी बेहद संकरी और संवेदनशील गली है, इसलिए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज प्रशासन ने सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए थे। जगह-जगह भारी संख्या में सिविल पुलिस के जवानों के साथ पैरामिलिट्री फोर्स (अर्धसैनिक बल) को तैनात किया गया था। किसी भी अप्रिय स्थिति या अफवाह को रोकने के लिए पूरे इलाके की निगरानी आसमान से ड्रोन कैमरों के जरिए की जा रही है।

End of Feed