शहर

वाराणसी के नमो घाट पर पर्यटक की हत्या, गार्डों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट; 4 आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी के नमो घाट पर बाउंसरों और गार्डों की पिटाई से एक पर्यटक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि सोनभद्र से आए दो भाइयों का प्रवेश को लेकर विवाद हुआ। पुलिस ने चार गार्डों को मौके से गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Varanasi News: वाराणसी से रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। आरोप है कि नमो घाट पर बाउंसरों और गार्डों ने एक पर्यटक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान मृतक का भाई पिटाई के कारण गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार गार्डों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वहीं घायल युवक का इलाज अस्पताल में जारी है।

सोनभद्र से आए पर्यटकों पर नमो घाट पर हमला

यह घटना वाराणसी के आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट की है। जानकारी के अनुसार, सोनभद्र से दो भाई वाराणसी घूमने आए थे। आज सुबह जब वे नमो घाट पहुंचे, तो प्रवेश द्वार पर खड़े गार्डों ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे विवाद और फिर मारपीट में बदल गई।

नमो घाट पर गार्डों की हिंसा से हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर दर्जनों की संख्या में गार्डों और बाउंसरों ने दोनों भाइयों की पिटाई शुरू कर दी। आरोप है कि इस दौरान एक युवक राजेंद्र उर्फ चिंटू को इतनी बुरी तरह से पीटा गया कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके भाई ने किसी तरह उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही आदमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से चार गार्ड को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि ⁠एक प्राइवेट कंपनी द्वारा गार्ड के रूप में इन बाउंसरों को रखा गया था। इस वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की। साथ ही गार्डों, कर्मचारियों और मौजूद अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस घटना की विस्तृत जांच कर रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article