शहर

Varanasi News : इफ्तार पार्टी के बाद अब गंगा में बीयर पार्टी, धार्मिक भावनाएं भड़काने पर युवक पर केस दर्ज

काशी में गंगा नदी में इफ्तार पार्टी के बाद एक युवक का बीयर पीते वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उस पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Image

अतुल अंजान त्रिपाठी, एसीपी, दशाश्वमेध

वाराणसी : गंगा नदी के बीच बीयर पीने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक गंगा में स्नान करते हुए खुलेआम बीयर पीता नजर आ रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक बिहार के रोहतास जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। पुलिस उसकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए दशाश्वमेध क्षेत्र के एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की है।

स्नान के दौरान बीयर का सेवन

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक गंगा में स्नान के दौरान आराम से बीयर पी रहा है, जबकि उसके आसपास बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग स्नान कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने इसे आस्था का अपमान बताते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गंगा और धार्मिक स्थलों की मर्यादा भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की गतिविधियों और उसके वाराणसी आने के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

गौरतलब है कि कुछ समय पहले भी वाराणसी में गंगा के बीच इफ्तार और बिरयानी पार्टी का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में आरोप था कि कुछ युवकों ने गंगा में पार्टी कर बिरयानी की हड्डियां नदी में फेंकी थीं। घटना पर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। अब एक बार फिर गंगा के बीच बीयर पार्टी का वीडियो सामने आने से धार्मिक और सामाजिक संगठनों में नाराजगी देखने को मिल रही है।

End of Article