शहर

डेढ़ महीने बाद सुलझी वडोदरा ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी, प्रेम संबंध खत्म करने के लिए की गई महिला की हत्या

Vadodara Murder Case: वडोदरा के सावली तालुका में मिले महिला के कंकाल मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतका की पहचान भावनाबेन परमार के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि महिला की हत्या उसके प्रेमी सागरसिंह मकवाणा ने की थी।

Image

प्रेम संबंध खत्म करने के लिए की गई महिला की हत्या (Photo: AI Image)

Vadodara Murder Case: गुजरात केवडोदरा जिले के सावली तालुका में मिले एक अज्ञात महिला के कंकाल मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। करीब डेढ़ महीने पहले मुवाल गांव की सीमा में एक सुनसान इलाके से महिला का सड़ा-गला शव (Gujarat Crime News) मिला था। शुरुआत में पुलिस के पास महिला की पहचान तक नहीं थी, लेकिन लगातार जांच के बाद इस ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली गई। पुलिस ने इस मामले में 30 वर्षीय सागरसिंह मकवाणा को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि मृत महिला साबरकांठा जिले के तलोद तालुका की रहने वाली 50 वर्षीय भावनाबेन परमार थीं।

सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर से महिला की पहचान

परिवार के लोगों ने बताया कि वह 30 मार्च को पावागढ़ दर्शन के लिए घर से निकली थीं, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटीं। काफी तलाश के बाद भी उनका कोई पता नहीं चला था। मामले में नया मोड़ तब आया जब 18 मई को सोशल मीडिया पर महिला की तस्वीर वायरल हुई। इसके बाद परिवार ने उनकी पहचान की। पुलिस ने तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और परिवार वालों से पूछताछ के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान पुलिस को सागरसिंह मकवाणा पर शक हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

आरोपी और भावनाबेन के बीच प्रेम संबंध-पुलिस

पुलिस के अनुसार, आरोपी और भावनाबेन के बीच प्रेम संबंध थे। आरोपी इस रिश्ते को खत्म करना चाहता था। इसी वजह से उसने महिला की हत्या कर दी और शव को मुवाल गांव के पास सुनसान इलाके में फेंक दिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने काफी योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया था ताकि किसी को शक न हो। जब शव मिला था, तब मौके से महिला के कपड़े, चप्पल, चूड़ियां, अंगूठी, नकदी और चाबी बरामद हुई थी। हालांकि मोबाइल फोन और चांदी के कुछ गहने गायब थे। इसी आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

वडोदरा ग्रामीण एलसीबी और सावली पुलिस की टीमों ने करीब 200 किलोमीटर तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। लंबे समय तक जांच के बाद आखिरकार पुलिस आरोपी तक पहुंचने में सफल रही। अब पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस हत्या में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले की आगे जांच जारी है।

Dhruv Sanchania
ध्रुव संचानियाauthor

ध्रुव संचानिया गुजरात में टाइम्स नेटवर्क के सीनियर जर्नलिस्ट और ब्यूरो चीफ के पद पर कार्यरत हैं। ध्रुव ने प्रिंट, रेडियो, डिजिटल और टीवी पर शानदार काम किया है। क्राइम, इन्वेस्टिगेशन से लेकर इंसानी कहानियों तक में उनका काम गहराई से भरा होता है। जब वह हेडलाइन के पीछे नहीं भाग रहे होते तो वह सड़कों, सिनेमा और अगली छिपी हुई कहानी के पीछे भाग रहे होते हैं। उनका काम ऐसा है जो उन्हें अलग ला खड़ा करता है।

और पढ़ें
End of Article