Char Dham Yatra Weather: एक तरफ जून के महीने में देशभर में 43 फीसद बारिश कम हुई है और दूसरी तरफ उत्तराखंड में बारिश का अलर्ट जारी हुआ है। उत्तराखंड के मौसम विभाग ने राज्य में अगले 4 दिन तक बारिश, ओलावृष्टि, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में रहने वाले मूल निवासियों को तो समस्याएं होंगी ही। साथ ही राज्य में इस समय वार्षिक चारधाम यात्रा भी संचालित हो रही है। चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को यहां दिक्कतें ज्यादा हो सकती हैं। मौसम विभाग ने चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए खास एडवाइजरी जारी की है।
उत्तराखंड में चार दिन मौसम का कहर
7 जिलों में येलो अलर्ट
उत्तराखंड के सात जिलों के लिए मौसम विभाग (IMD) ने येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें कुमाऊं क्षेत्र के नैनीताल, अल्मोड़ा और उधमसिंह नगर जिला हैं, जबकि गढ़वाल मंगल के देहरादून, टिहरी, हरिद्वार और पौड़ी जिले हैं। इन सभी जिलों में अगले 4 दिनों के दौरान 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। गरज और चमक के साथ हल्की से मध्य स्तर क बारिश और ओले गिरने की भी चेतावनी IMD ने दी है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तराखंड में मौसम की गतिविधियां चिंताजनक बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान गढ़वाल अंचल में उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली के साथ ही कुमाऊं मंडल में बागेश्वर और पिथौरागढ़ के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा इस दौरान 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी का खतरा भी बना हुआ है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - ऐसा क्या किया जाए कि चंदा भगवान की आरती की थाली से किसी की निजी तिजोरी तक न पहुंचे?
फूलों की घाटी में भी पर्यटक
ज्ञात हो कि राज्य में इन दिनों जो चारधाम यात्रा चल रही है, उसके सभी तीर्थ थाम उत्तरकाशी (यमुनोत्री, गंगोत्री), रुद्रप्रयाग (केदारनाथ) और चमोली (बदरीनाथ) उन्हीं जिलों में हैं, जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस समय बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखंड के इन पहाड़ी इलाकों में मौजूद हैं। वार्षिक चारधाम यात्रा के साथ ही इस समय बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब की यात्रा कर रहे हैं। यही नहीं कई पर्यटक फूलों की घाटी की घूमने के लिए भी चमोली में हैं। ऐसे में मौसम संबंधी गतिविधियां उनके लिए चिंताजनक हो सकती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें - Monsoon Tracker: नवंबर तक नहीं रुकेगा प्रचंड गर्मी का प्रकोप, आग में घी डाल रहा अल-नीनो
भूस्खलन क्षेत्रों से दूर रहने की अपील
मौसम संबंधी गतिविधियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग में सचिव विनोद कुमार सुमन का कहना है कि मौसम के मुताबिक सभी अधिकारियों को सचेत रहने के निर्देश दिए गए हैं। आपदा संभावित क्षेत्रों में टीम तैनात कर दी गई है, वहीं आम जनमानस और चार धाम यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि भूस्खलन प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरतें और अनावश्यक यात्रा से बचें।
