UP Rajya Sabha Election BJP List: उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने आठ उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल और राम प्रताप सिंह चौहान जैसे दिग्गजों को टिकट दिया है। बयान में कहा गया कि इन आठ उम्मीदवारों के नामों को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मंजूरी दी है।
बीजेपी ने यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवार घोषित किए
उत्तर प्रदेश से बीजेपी के 8 उम्मीदवारों की सूची
- धर्मपाल सिंह (Dharampal Singh)
- राधाकांत ओझा ( Radhakant Ojha)
- प्रकाश पाल (Prakash Pal)
- विद्यासागर सोनकर (Vidyasagar Sonkar)
- गोपी कृष्णा पाण्डेय (Gopi Krishna Pandey)
- प्रियंका सिंह रावत ( Priyanka Singh Rawat)
- राम प्रताप सिंह चौहान ( Ram Pratap Singh Chauhan)
- श्रुति गंगवार ( Shruti Gangwar)
सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने की कोशिश
पार्टी ने इस बार के नामांकनों में विभिन्न वर्गों और सांगठनिक अनुभव वाले चेहरों का समावेश किया है। सूची में महिलाओं, पिछड़े वर्ग, दलित और सामान्य श्रेणी के प्रतिनिधियों को जगह दी गई है। बीजेपी ने यूपी राज्यसभा चुनाव के लिए 2 दलित, 3 ओबीसी, 2 ब्राह्मण और 1 ठाकुर समाज से आने वाले नेताओं को टिकट दिया है।
किन-किन नेताओं का कार्यकाल हो रहा खत्म?
उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें भाजपा नेता अरुण सिंह, गीता शाक्य, नीरज शेखर, बृजलाल, बी. एल. वर्मा, सीमा द्विवेदी और हरदीप सिंह पुरी, समाजवादी पार्टी के नेता राम गोपाल यादव तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के रामजी गौतम शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा की राज्यसभा सीट भी 11 सितंबर से रिक्त है। उन्होंने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद 11 सितंबर को इस्तीफा दिया था, जो उसी दिन प्रभावी हुआ।
कब होगा मतदान?
उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल से राज्यसभा की 12 सीट के लिए 16 अक्टूबर को चुनाव होंगे। इनमें उत्तर प्रदेश की 10 सीट और उत्तराखंड की एक सीट शामिल है। इसके अलावा पश्चिम बंगाल की एक सीट पर उपचुनाव होगा। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।
