उत्तर प्रदेश में आज का मौसम (10 February 2026): उत्तर प्रदेश में मौसम अब ठंड और बारिश के दौर से बाहर निकल चुका है। सुबह की शुरुआत हल्की धूप के साथ हो रही है और दोपहर में तापमान में भी बढ़ोतरी महसूस की जा रही है। ऐसे हालात में लोग अब गर्म कपड़े पहनना कम कर चुके हैं। फिर भी, प्रदेश के कुछ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा और पछुआ हवाओं के कारण ठंड बरकरार है। मौसम विभाग ने यूपी के 24 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, आज 10 फरवरी को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में घना से अत्यंत घना कोहरा रहने की संभावना है। यह अलर्ट केवल सुबह 9 बजे तक लागू रहेगा, इसके बाद कोहरा छंटने के बाद मौसम साफ हो जाएगा।
यहां रहेगा बेहद घना कोहरा
यूपी के गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत और आसपास के क्षेत्रों में अत्यंत घना कोहरा रहने की संभावना है। वहीं, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी, अंबेडकर नगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, शाहजहांपुर और आस-पास के इलाकों में घना कोहरा बना रहने की संभावना है।
कोहरे का असर होगा खत्म
मौसम विभाग, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल तेज पछुआ हवाएं चल रही हैं। इन हवाओं के चलते लंबे समय से बने घने कोहरे का प्रभाव धीरे-धीरे कम होने लगा है। विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, तेज हवाओं के कारण कोहरे की परत अब पतली होने लगेगी, जिससे दृश्यता में सुधार देखने को मिलेगा।
कैसा रहेगा प्रदेश का तापमान?
मौसम विभाग की लेटेस्ट रिपोर्ट के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों के मौसम का पूर्वानुमान यह है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर सुबह और रात के समय घना से बहुत घना कोहरा रहने की संभावना है। इसके अलावा, न्यूनतम तापमान में अगले 2 दिनों में कोई विशेष बदलाव नहीं रहेगा। कुल मिलाकर, क्षेत्र में सुबह और रात के समय ठंड के साथ कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
आईएमडी के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में आज 10 फरवरी को बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही मैदानी इलाकों में भी तापमान में गिरावट, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग ने आज 10 फरवरी को देश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है।
