Banda Gobar Dispute Murder: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां जसपुरा थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव में गोबर फेंकने जैसी मामूली सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि सगे भाइयों ने ही अपने परिवार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस खूनी हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका पति और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
गोबर फेंकने के विवाद में उजड़ा परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार की है। गांव के रहने वाले राजबहादुर निषाद (50 वर्ष), उनकी पत्नी गीता (45 वर्ष) और बेटा अनिल (23 वर्ष) बच्चों द्वारा साझा पैतृक जमीन पर गोबर फेंकने की बात पर बातचीत करने अपने रिश्तेदारों के पास गए थे। बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला बेकाबू हो गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Faridabad Crime: महिला ने पहले प्यार में फंसाया, फिर बनाया अश्लील वीडियो… लाखों की वसूली का खेल ऐसे हुआ बेनकाब!
क्षेत्राधिकारी (सदर) सौरभ सिंह ने बताया कि बहस के दौरान राजबहादुर के बड़े भाई रामबहादुर और छोटे भाई शिवलोचन ने आपा खो दिया। उन्होंने कथित रूप से हंसिया और कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियारों से राजबहादुर, उनकी पत्नी और बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तीनों बुरी तरह घायल होकर जमीन पर गिर पड़े।
चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में तीनों को तुरंत पास के अस्पताल ले गए। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद गीता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, राजबहादुर और उनके बेटे अनिल का इलाज जारी है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद पुलिस तुरंत एक्शन में आई। राजबहादुर की शिकायत पर पुलिस ने उनके भाइयों रामबहादुर और शिवलोचन, उनकी पत्नियों और भतीजे राजू के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रामबहादुर को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बाकी बचे फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जगह-जगह दबिश दे रही हैं।
