यूपी में आज का मौसम (20 May 2026): उत्तर प्रदेश में रिकॉर्डतोड़ गर्मी पड़ रही है। बांदा में तापमान लगातार आसमान छू रहा है। मंगलवार को यह लगातार तीसरी बार देश का सबसे गर्म शहर रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बांदा दुनिया का तीसरा सबसे गर्म शहर भी रहा। इसके अलावा प्रयागराज, झांसी, आगरा जैसे शहर भी गर्मी से तप रहे हैं, यहां भी तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया है। प्रदेश में गर्मी की सबसे ज्यादा मार बुंदेलखंड और दक्षिणी हिस्से के जिले झेल रहे हैं। अधिकांश जिलों में लू का प्रकोप देखने को मिल रहा है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी का अलर्ट जारी किया जा रहा है। ऐसे में लोगों को सावधान रहने और बेवजह धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी जा रही है।
यूपी में 20 मई को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज यूपी में 53 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 11 जिलों में लू का रेड अलर्ट है। जिनमें प्रयागराज, चित्रकूट, बांदा, फतेहपुर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, महोबा, जालौन, हमीरपुर और झांसी शामिल हैं। इस दौरान 20 से 30 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दिन में गर्म हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, हाथरस और फिरोजाबाद में ऊष्ण रात्रि (Warm Night) का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान तापमान में भी इजाफा देखने को मिल सकता है।
यूपी में अगले 5 दिन मौसम का हाल
IMD के अनुसार प्रदेश में 25 मई तक गर्मी से राहत के कोई आसार नहीं है। इस दौरान अधिकांश हिस्सों में लू सताएगी। कहीं-कहीं वार्म नाइट का अलर्ट भी जारी किया जा सकता है। अगले 5 दिनों में तापमान 45 से 49 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है। वहीं 22 से 25 मई के दौरान पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है। लेकिन इससे गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
यूपी में कब पहुंचेगा मानसून
यूपी में 18 जून को गोरखपुर के रास्ते मानसून (Monsoon) यूपी में दस्तक दे सकता है। हालांकि यह सिर्फ एक संभावित तारीख है। केरल में 26 मई के आसपास मानसून के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। 16 मई को दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, दक्षिण पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पहुंच गया है। इस बार यह सामान्य से चार दिन पहले ही केरल पहुंच सकता है। जिसके बाद मानसून धीरे-धीरे ऊपर के राज्यों की ओर बढ़ेगा और बारिश का सिलसिला शुरू होगा।
