शहर

लिफ्ट ने ले ली जान! पुणे की हाउसिंग सोसाइटी में बड़ा हादसा, 7 साल के बच्चे की मौत

पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके में एक दर्दनाक हादसे में 7 साल के बच्चे की लिफ्ट में फंसने के कारण मौत हो गई। बच्चा सोसाइटी में खेलते समय लिफ्ट में चला गया था, जो बीच में रुक गई। इस दौरान बच्च करीब डेढ़ घंटे तक फंसा रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

सांकेतिक फोटो (istock)

Photo : iStock

Pune Lift Accident: महाराष्ट्र के पुणे शहर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां एक रिहायशी इमारत की लिफ्ट में फंसने से 7 साल के बच्चे की मौत हो गई। बच्चा लिफ्ट के अंदर बेहोश हालात में पाया गया, अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

खेलते हुए लिफ्ट में गया बच्चा

यह हादसा पुणे के सिंहगढ़ रोड इलाके स्थित निम्बाजीनगर की रिद्धि सिद्धि अपार्टमेंट सोसाइटी में हुआ। पुलिस के अनुसार, बच्चा रोजाना की तरह ही सोसाइटी परिसर में खेल रहा था। करीब 10 बजे वह बिल्डिंग की लिफ्ट में चला गया और किसी फ्लोर का बटन दबा दिया। बताया जा रहा है कि लिफ्ट तो चलने लगी, लेकिन दूसरी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही बीच में रुक गई। जिससे बच्चा लिफ्ट के अंदर ही फंस गया। जब वह काफी देर तक घर वापस नहीं पहुंचा तो परिजनों ने तलाश शुरू की। परिवार के साथ सोसाइटी के अन्य लोग भी बच्चे को ढूंढने में जुट गए।

डेढ़ घंटे में बाद लिफ्ट में मिला मासूम

खोजबीन के दौरान लोगों को शक हुआ कि कहीं बच्चा लिफ्ट में तो नहीं फंस गया। जिसके बाद रात करीब 11:30 बजे पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर सिंहगढ़ रोड पुलिस और दमकल विभाग की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। जिसके बाद कड़ी मशक्कत से लिफ्ट को खोला गया, जिसके बाद बच्चा बेहोश हालत में मिला। उसे तुरंत बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में लिफ्ट में कोई बड़ी तकनीकी खराबी सामने नहीं आई है। इस मामले में लिफ्ट के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सोसाइटी प्रबंधन की जिम्मेदारी की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद सोसाइटी में बच्चों की सुरक्षा और लिफ्ट में सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article