Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और डरा देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक सर्राफा दुकान पर खरीदारी करने गई एक युवती ने पानी समझकर बोतल से जैसे ही दो घूंट पिए, उसकी हालत गंभीर हो गई। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उस बोतल में पानी की जगह सफेद रंग का तेजाब था। युवती को गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जनरल स्टोर से मंगाई थी बोतल
जानकारी के मुताबिक, हापुड़ के अर्जुन नगर की रहने वाली रिया अपनी मां के साथ इलाके में ही स्थित एक सर्राफा दुकान पर जेवर खरीदने गई थीं।दुकान पर रहने के दौरान रिया को प्यास लगी। इस पर सर्राफा व्यापारी के पास खड़े एक लड़के को पास ही स्थित एक जनरल स्टोर से पानी की बोतल लाने के लिए भेजा गया। परिजनों का आरोप है कि लड़का जनरल स्टोर से जो बोतल लेकर आया, उसे रिया ने पानी समझकर खोल लिया। जैसे ही उन्होंने बोतल से दो घूंट पिए, वैसे ही उनकी तबीयत बुरी तरह बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं।
CCTV फुटेज आया सामने
इस पूरी खौफनाक घटना का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि युवती जैसे ही बोतल से तरल पदार्थ पीती है, उसके कुछ ही क्षण बाद वह अत्यधिक असहज हो जाती है और छटपटाने लगती है। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उसे नजदीकी अस्पताल ले गए, जहाँ उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत मेरठ के बड़े अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
दुकानदार ने क्या कहा?
इस मामले में जनरल स्टोर की संचालिका रेनू अग्रवाल का बयान भी सामने आया है। उन्होंने अपनी सफाई में कहा, "मैंने अपने डीप फ्रीजर से पानी की बोतल निकालकर ग्राहक को दी थी। बाद में मुझे आकर बताया गया कि उस बोतल में पानी नहीं, बल्कि कोई खतरनाक रासायनिक पदार्थ या तेजाब था। हमारी दुकान पर तेजाब की कोई बिक्री नहीं होती है।"
हापुड़ पुलिस ने क्या कहा?
घटना की गंभीरता को देखते हुए हापुड़ पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में हापुड़ पुलिस ने आधिकारिक जानकारी साझा करते हुए बताया, "थाना हापुड़ नगर क्षेत्रान्तर्गत मौ. अर्जुननगर में स्थित ज्वैलर्स की दुकान पर गई युवती द्वारा पीने के लिए पानी मांगा गया था। ज्वैलर्स के पास खड़े लड़के से पानी की बोतल मंगाई गई, जो भूलवश पानी की बोतल के स्थान पर सफेद रंग के तेजाब की बोतल ले आया, जिसको युवती द्वारा पानी समझकर पी लिया गया। युवती को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई प्रचलित है।"
जांच के घेरे में कई अहम सवाल
पुलिस फिलहाल सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर गहनता से खंगाल रही है। इसके साथ ही सर्राफा व्यापारी, जनरल स्टोर संचालिका रेनू अग्रवाल और बोतल लेकर आने वाले किशोर से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के सामने अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अगर जनरल स्टोर पर तेजाब नहीं बिकता था, तो डीप फ्रीजर से निकली बोतल में तेजाब कैसे पहुंचा? क्या वह बोतल पहले से सीलबंद थी या उसमें बाद में तेजाब भरा गया था? पुलिस का कहना है कि इन सभी पहलुओं की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक तस्वीर साफ हो पाएगी।
