शहर

योगी के नए मंत्रियों के विभागों का हुआ आंवटन, सपा से आए मनोज पांडे को मिला खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैबिनेट विस्तार के बाद राज्य मंत्रियों के बीच विभागों का वितरण कर दिया है, जिससे प्रशासनिक स्तर पर नई जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण हो गया है। इस बदलाव में कई मंत्रियों को महत्वपूर्ण विभाग सौंपे गए हैं, जिनमें खाद्य एवं रसद, MSME, ऊर्जा और राजस्व जैसे अहम मंत्रालय शामिल हैं।

Image

योगी कैबिनेट विस्तार के बाद मंत्रियों को सौंपी गई नई जिम्मेदारियां

Photo : PTI

UP Cabinet Expansion: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी सरकार के दूसरे विस्तार के बाद छह नए और दो प्रोन्नत राज्य मंत्रियों के बीच विभागों का वितरण कर दिया है। राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान कर चर्चा में आए मनोज पांडेय को खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह वही विभाग है जिसके तहत सरकार की प्रमुख मुफ्त राशन वितरण योजना संचालित होती है। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकाल पूरा करने के बाद पुनः सरकार में मंत्री बने भूपेन्द्र चौधरी को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जिसे राज्य सरकार की प्राथमिक प्राथमिकताओं वाले विभागों में माना जाता है। एक जिला, एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना इसी विभाग से संचालित होती है।

यहां देखें मंत्रियों की लिस्ट

मंत्रियों के नामविभागों के नाम
भूपेंद्र सिंह चौधरीसूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम
मनोज पांडेखाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति
अजीत सिंह पालखाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन
सोमेंद्र तोमरराजनीतिक पेंशन सैनिक कल्याण और प्रांतीय रक्षक दल
कृष्णा पासवानपशुधन और दुग्ध विकास
कैलाश सिंहऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत
सुरेंद्र दिलेरराजस्व विभाग
हंसराज विश्वकर्मासूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम

अजीत सिंह पाल और सोमेन्द्र तोमर मिले ये विभाग

अजीत सिंह पाल को राज्य मंत्री से स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री के रूप में प्रोन्नत किया गया है और उन्हें खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, सोमेन्द्र तोमर को राज्य मंत्री से पदोन्नत कर स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। उन्हें राजनीतिक पेंशन, सैनिक कल्याण तथा प्रांतीय रक्षक दल विभाग का दायित्व सौंपा गया है।

पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की जिम्मेदारी मिले इन्हें

कृष्णा पासवान को राज्य मंत्री के रूप में पशुधन एवं दुग्ध विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। कैलाश सिंह राजपूत को ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग सौंपा गया है। वहीं, सुरेन्द्र दलेर को राजस्व विभाग की जिम्मेदारी मिली है, जबकि हंसराज विश्वकर्मा को सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग का दायित्व सौंपा गया है।

राकेश सचान के पास ये विभाग

इस विभागीय पुनर्गठन के बाद राकेश सचान के विभागों में बदलाव देखा गया है। उनसे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) विभाग वापस ले लिया गया है, जिसके बाद अब उनके पास केवल खादी, रेशम और हथकरघा उद्योग विभाग की जिम्मेदारी रह गई है।

10 मई को हुआ कैबिनेट विस्तार

गौरतलब है कि योगी आदित्यनाथ सरकार के दूसरे कैबिनेट विस्तार का आयोजन 10 मई को हुआ था। इसके बाद विभागों के बंटवारे को लेकर लगातार राजनीतिक अटकलें तेज हो गई थीं। अंततः रविवार देर शाम जब मंत्रालयों का वितरण किया गया, तो उसमें राजनीतिक संतुलन और समीकरणों की स्पष्ट झलक देखने को मिली।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदी author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article