चेन्नई : तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को मंगलवार को लोकप्रिय अभिनेत्री तृषा के संदर्भ में कथित डबल मीनिंग’ कमेंट करने और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें रिहा कर दिया है। लेकिन, उनकी रिहाई से पहले समर्थकों ने जमकर सीएम विजय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस स्टेशन के बाहर पटाखे फोड़े गए। जिसके बाद काफी हिंसक माहौल देखने को मिला।
अभिनेत्री तृषा पर कमेंट मामले में उदयनिधि स्टालिन रिहा
दरअसल, द्रमुक नेता उदयनिधि को कावेरी डेल्टा के एक शहर में विरोध मार्च के दौरान कथित रूप से की गई विवादित टिप्पणी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है, जिनमें अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने, एक महिला की गरिमा को भंग करने संबंधी धारा शामिल हैं।
उदयनिधि की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए पूरे राज्य में जबरदस्त प्रदर्शन शुरू कर दिया और ’सड़कों को जाम’ कर दिया।
तोड़ मरोड़ कर पेश की गई टिप्पणी
इस बीच, पांच अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र से पहले आगे की रणनीति तय करने के लिए द्रमुक अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने पार्टी मुख्यालय में एक आपात बैठक बुलाई। पार्टी सूत्रों ने बताया कि उदयनिधि की अग्रिम जमानत के लिए मद्रास उच्च न्यायालय का रुख किया गया। वहीं, वरिष्ठ द्रमुक नेता के. एन. नेहरू ने कहा कि उदयनिधि की टिप्पणी को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया।
तंजावुर पुलिस ने उदयनिधि को चेन्नई के नीलांकरई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार किया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद उदयनिधि ने वहां मौजूद संवाददाताओं से कहा कि फैसला अदालत करेगी। पुलिस द्वारा ले जाए जाने से पहले उदयनिधि ने संवाददाताओं से कहा, "क्या मैंने (तंजावुर में आयोजित प्रदर्शन में) मुख्यमंत्री के अलावा किसी का नाम लिया था? फिर आपको क्यों लगता है कि यह (उस कारण से) हो रहा है? अदालत को फैसला करने दीजिए।
9 धाराओं में केस दर्ज
उदयनिधि के खिलाफ नौ धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इनमें विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने, दंगा भड़काने के इरादे से लोगों को उकसाने और आपराधिक धमकी देने जैसी धाराएं शामिल हैं। सूत्रों ने बताया कि तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम की धाराएं भी लगाई गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने द्रमुक के शीर्ष नेता उदयनिधि स्टालिन को गिरफ्तार करने से पहले उनके परिवार और पार्टी के वरिष्ठ नेता मा. सुब्रमण्यम से बातचीत की। इस दौरान बड़ी संख्या में द्रमुक कार्यकर्ता उदयनिधि के आवास के बाहर एकत्र हो गए और अपने नेता के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के विरोध में नारेबाजी करने लगे। हालांकि, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बातचीत जारी रखी।
इस बीच, सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) ने उदयनिधि की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के खिलाफ अपना विरोध तेज करते हुए मंगलवार को स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय महिला आयोग, दोनों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। टीवीके की तंजावुर केंद्रीय जिला महिला शाखा की संयोजक एस. बैरवी ने तंजावुर पूर्व थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीन अगस्त को कावेरी मुद्दे पर विपक्ष के नेता के भाषण के दौरान जब भीड़ ने ’’तृषा, तृषा’’ का नारा लगाया, तो उन्होंने अशोभनीय और दोहरे अर्थ वाली टिप्पणी की।
