Jaipur Delhi Highway Accident: जयपुर-दिल्ली हाईवे पर चंदवाजी थाना इलाके में हरियाणा रोडवेज की बस और बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। इस घटना की जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। थाना प्रभारी हीरालाल सैनी के मुताबिक, यह दुर्घटना शनिवार देर रात ताला मोड़ स्थित लबाना पुलिया के पास हुई। उन्होंने बताया कि बाइक पर सवार दो युवक ईद के अवसर पर ताला से जयपुर की तरफ जा रहे थे।
मामले की जांच शुरू
थाना प्रभारी के अनुसार, रास्ते में बाइक सवार युवकों ने सड़क किनारे खड़े अपने दो दोस्तों के पास मोटरसाइकिल रोक दी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही हरियाणा रोडवेज की बस ने बाइक के साथ-साथ वहां खड़े युवकों को भी जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ताला के रहने वाले मुस्तकीम शाह, अब्दुल मलिक और साहिल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सरताज घायल हो गया, जिसे इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बस और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जयपुर में निजी बीमा कंपनी के अधिकारी ने की आत्महत्या
वहीं, इससे पहले जयपुर में एक निजी बीमा कंपनी के अधिकारी ने कथित रूप से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इस मामले की जानकारी पुलिस ने शुक्रवार को दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना चित्रकूट क्षेत्र की है, जहां 45 वर्षीय अजय अरोड़ा गुरुवार शाम अपने किराए के घर में लटके हुए पाए गए। बताया गया कि वह मूल रूप से उदयपुर के निवासी थे।
पुलिस के अनुसार अरोड़ा पिछले वर्ष ही जयपुर आए थे, जबकि उनका परिवार उदयपुर में ही रह रहा है। इस घटना की जानकारी उस समय सामने आई जब शाम के वक्त उनका एक पड़ोसी किसी काम से उनके घर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। अधिकारियों ने बताया कि अरोड़ा के कमरे से एक कथित सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उन्होंने अपनी पेशेवर जिंदगी से परेशान और मानसिक रूप से थका होने की बात लिखते हुए यह कदम अपनी इच्छा से उठाने का उल्लेख किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
(इनपुट- भाषा)
