Telangana Heatwave Alert: तेलंगाना में भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। हीटस्ट्रोक के कारण अब तक 7 जिलों में 16 लोगों की मौत हो चुकी है। हालात की गंभीरता को देखते हुए तेलंगाना सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
तेलंगाना में भीषण गर्मी के कारण तापमान में लगातार बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है और प्रदेश के कई जिलों में लू की स्थिति भी देखने को मिल रही है। जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जिसे देखते हुए राजस्व, आवास, सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने शनिवार को सचिवालय में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात समीक्षा बैठक की। जिसमें अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि नागरिकों की सुरक्षा और राहत के लिए जरूरी इंतजाम किए जाएं। मंत्री ने अधिकारियों को गांवों और शहरों में पक्षियों व जानवरों के लिए भी पानी की व्यवस्था करने को कहा है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल और छांव की व्यवस्था बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।
भीषण गर्मी में खुद को ऐसे रखें महफूज
सरकार ने लोगों से अपील की गई है कि सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे के बीच बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर जाएं। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने को कहा गया है। सरकार ने खासतौर पर बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और पहले से बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तेलंगाना में 26 मई तक भीषण लू का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि 26 मई तक तेलंगाना के कई हिस्सों में भीषण लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। इस दौरान हैदराबाद, रंगारेड्डी, करीमनगर, खम्मम, नलगोंडा, सूर्यापेट, मुलुगु, महबूबनगर समेत कई जिलों में तापमान बेहद अधिक रहने का अनुमान है। प्रशासन ने लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों और सरकारी सलाह का पालन करने की अपील की है।
