फरीदाबाद में लगने वाला सूरजकुंड मेला शनिवार 31 जनवरी से शुरू होकर 15 फरवरी तक चलेगा। यहां आकर न तो आप बोर होंगे और न ही आपके बच्चे। बच्चों के लिए यहां हर तरह के झूले और खिलौनों के स्टॉल होंगे, जबकि आप बेहतरीन हस्तशिल्प प्रोडक्ट खरीद सकते हैं।
अगर आप सूरजकुंड मेला घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो बता दें कि 31 जनवरी से 15 फरवरी तक यह हर रोज सुबह 10 बजे से शाम 8 बजे तक खुला रहेगा।
इस साल सूरजकुंड मेले में उत्तर प्रदेश और मेघालय को थीम स्टेट बनाया गया है। पार्टनर कंट्री मिस्र यानी इजिप्ट है। इस साल सूरजकुंड मेले में आपको मेघालय और उत्तर प्रदेश के हस्तशिल्प सामान, संस्कृत की झलक और फूड का लुत्फ लेने को मिलेगा।
मेघालय और उत्तर प्रदेश के फूड के अलावा इस साल आपको असम, अरुणाचल प्रदेश, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, नागालैंड के कुजीन भी चखने का अवसर मिलेगा। यहां कई राज्यों के स्टॉल लगे होंगे, जहां जाकर आप स्वादिष्ट भोजन का लुत्फ ले पाएंगे। मेले में 100 से ज्यादा फूड स्टॉल लगाए जाएंगे।
सूरजकुंड मेले में एंट्री के लिए आपको टिकट भी लेनी होगी। वीकेंड पर टिकट के दाम 150 से 200 रुपये होंगे, जबकि अन्य दिनों में आप 120 से 150 रुपये में मेला घूम सकते हैं। पांच साल से छोटे बच्चों की एंट्री फ्री है।
अगर आपके साथ आपके बच्चे भी सूरजकुंड मेला घूमने जा रहे हैं और उनकी उम्र 5 साल से ज्यादा है तो हर बच्चे के लिए आपको 60-100 रुपये तक की टिकट खरीदनी होगी। इसके अलावा अंदर झूले के लिए अलग से टिकट खरीदनी होगी।
सूरजकुंड मेले में इस साल आप कॉमेडी शो और कवि सम्मेलन का लुत्फ भी ले सकते हैं। इसके अलावा गजल संध्या और फैशन शो के साथ ही बॉलीवुड के मशहूर सिंगर भी यहां आएंगे। मेले के मुख्य चौपाल और छोटी चौपाल पर यह सभी कार्यक्रम होंगे।
मेट्रो से जा रहे हैं तो सूरजकुंड जाने के लिए आपको बदरपुर स्टेशन पर उतरना होगा। यहां से ऑटो लेकर सीधे मेले में पहुंच सकते हैं। यही नहीं दिल्ली के अन्य हिस्सों से आप बस से भी यहां तक पहुंच सकते हैं।