शहर

Delhi Bike Accident: जनकपुरी हादसे में पुलिस ने किया सब-कॉन्ट्रैक्टर को गिरफ्तार, अब तक 3 इंजीनियर सस्पेंड

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में गिरकर एक 25 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में ठेकेदार और अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद सब-कॉन्ट्रेक्टर को गिरफ्तार किया गया और संबंधित जल बोर्ड के तीन इंजीनियरों को निलंबित कर दिया गया।

Sub-contractor arrested in Janakpuri Accident Case

जनकपुरी हादसे मामले में सब-कॉन्ट्रैक्टर गिरफ्तार

Photo : ANI

Delhi Bike Accident: दिल्ली के जनकपुरी क्षेत्र में सड़क पर खोदे गए गड्ढे में एक 25 वर्षीय व्यक्ति गिरकर मौत के घाट उतर गया। पुलिस ने बताया कि गड्ढे के आसपास कोई सुरक्षा व्यवस्था नहीं थी, न चेतावनी के संकेत लगाए गए थे और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात थे। व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल पर उस 15 फुट गहरे गड्ढे में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। इसके साथ ही इस केस में एक अहम गिरफ्तारी भी की गई है।

सब-कॉन्ट्रैक्टर को किया गिरफ्तार

बता दें, इस मामले में पुलिस ने सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया है। इसके पहले, दिल्ली सरकार ने जनकपुरी में गड्ढे में हुई जानलेवा घटना के संबंध में तीन दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों, एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, एक असिस्टेंट इंजीनियर और एक जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया था। यह कदम घटना की प्रारंभिक जांच के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उठाया गया। दिल्ली सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं जबकि मृतक के परिजनों ने जल बोर्ड की ओर से लापरवाही का आरोप लगाया है और उसकी मौत में साजिश की आशंका जताई।

क्या आया जांच में सामने?

जांच में सामने आया कि उसी रात इलाके से गुजर रहे एक परिवार ने देखा कि कमल शायद एक गड्ढे में गिर गया है। उन्होंने तुरंत वहां तैनात सुरक्षा कर्मी और पास लगे तंबू में रह रहे एक व्यक्ति को इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, प्रजापति द्वारा नियुक्त सुरक्षा गार्ड ने उसी रात इस घटना के बारे में एक कनिष्ठ कर्मचारी को अवगत कराया। इसके बाद उस कर्मचारी ने रात करीब 12:22 बजे प्रजापति को फोन कर मौके पर आने के लिए कहा। अधिकारियों ने बताया कि प्रजापति बाद में घटनास्थल पर पहुंचा, जहां उसने गड्ढे के अंदर एक मोटरसाइकिल और एक व्यक्ति को देखा। इसके बावजूद उसने इस बारे में किसी को सूचित नहीं किया और वहां से वापस अपने घर चला गया।

3 इंजीनियरों को किया गया सस्पेंड

दिल्ली के मंत्री परवेश साहिब सिंह ने बताया कि जनकपुरी लाइन रिहैबिलिटेशन प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों जिसमें एक एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (AXN), एक असिस्टेंट इंजीनियर (AE) और एक जूनियर इंजीनियर (JE) शामिल हैं, को जांच पूरी होने तक सस्पेंड कर दिया गया है। यह कार्रवाई पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में शुक्रवार सुबह सड़क पर चल रहे जल बोर्ड के निर्माण कार्य के दौरान एक बाइकर के गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो जाने के बाद की गई। घटना के बाद लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और सुरक्षा उपायों, बैरिकेडिंग और सुपरविजन को लेकर सवाल खड़े हो गए।

न कोई चेतावनी चिन्ह और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात

FIR के अनुसार, यह गड्ढा दिल्ली जल बोर्ड (DJB) और उसके ठेकेदार द्वारा आंध्र स्कूल के पास प्रोफेसर जोगिंदर सिंह मार्ग पर खोदा गया था। गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था और वहां सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए कोई चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। प्राथमिकी में बताया गया है कि "सड़क के बीचोंबीच गड्ढा खोदने के बावजूद वहां न तो कोई अवरोधक रखा गया, न कोई चेतावनी चिन्ह और न ही सुरक्षा गार्ड तैनात था।" पुलिस ने आगे कहा कि दुर्घटना के बाद स्थल का निरीक्षण करने पर पता चला कि संबंधित अधिकारियों को खुदाई के काम की जानकारी थी, लेकिन उन्होंने आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित नहीं किए। प्राथमिकी में उल्लेख किया गया है कि "घटनास्थल के निरीक्षण से यह साफ दिखाई देता है कि गड्ढा बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के खुला छोड़ दिया गया था, जिससे सड़क पर आने वाले लोगों के लिए गंभीर खतरा बन गया।"

रात के समय हुआ था हादसा

गौरतलब है कि, रोहिणी के एक प्राइवेट बैंक में काम करने वाले कमल ध्यानी गुरुवार-शुक्रवार की रात घर लौट रहे थे, जब वे सीवर परियोजना के लिए खोदे गए गड्ढे में अपनी बाइक समेत गिर गए और गंभीर चोटें आईं। पुलिस के अनुसार, उन्हें शुक्रवार सुबह दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि जिस सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था, उसे बैरिकेड और ग्रीन मेश के जरिए बंद किया गया था। दुर्घटना स्थल पर मौजूद गड्ढे को भी ग्रीन मेश से घेरा गया था। घटना किन हालातों में हुई और क्या तय सार्वजनिक सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच के लिए एक समिति का गठन भी किया गया था।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

 Nilesh Dwivedi
Nilesh Dwivedi author

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अप... और देखें

End of Article