शहर

एक बार फिर यमुना नदी में नाव डूबने से मचा कोहराम, हमीरपुर में कई लोग लापता; बचाव अभियान जारी

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यमुना नदी में एक नाव के पलट जाने से बड़ा हादसा हो गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान चला रहे हैं।

Image

हमीरपुर में नाव पलटने से हड़कंप

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Yamuna River Boat Accident Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में यमुना नदी में नाव डूबने से बड़ा हादसा हो गया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, लगभग 10 लोग नाव में सवार होकर नदी के टापू से वापस लौट रहे थे, तभी अचानक नाव अनियंत्रित होकर डूब गई। हादसे के दौरान एक किशोर ने साहस दिखाते हुए अपने परिवार को डूबता देख नदी में छलांग लगा दी और दो लोगों की जान बचाने में सफल रहा। बताया जा रहा है कि किशोर की बहन की शादी अगले दिन होने वाली थी और घर में तैयारियां चल रही थीं।

5 से 6 लोगों के लापता होने की सूचना

इस दर्दनाक घटना में करीब 5 से 6 लोगों के लापता होने की सूचना है। सभी लोग शादी समारोह में शामिल होने आए रिश्तेदार थे, जो यमुना नदी के टापू पर ककड़ी, तरबूज और सब्जियां लेने गए थे। घटना की सूचना मिलते ही कुरारा पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। साथ ही एनडीआरएफ को भी बुलाया गया है। गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश लगातार जारी है। देर शाम हुए इस हादसे के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। मामला कुरारा थाना क्षेत्र के कोतूपुर पटिया का बताया जा रहा है।

वृंदावन में 10 अप्रैल को यमुना नदी में हुआ था हादसा

वहीं इससे पहले मथुरा जिले के वृंदावन में 10 अप्रैल को यमुना नदी में एक नाव पलटने की घटना सामने आई थी। इस हादसे में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार इस दुर्घटना में 14 लोगों की मौत की पुष्टि हुई थी। हादसे के बाद जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित ठेकेदार और नाविक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पुलिस के मुताबिक ये सभी पंजाब के रहने वाले थे और बांके बिहारी क्लब से जुड़े हुए थे। बताया गया था कि ये लोग वृंदावन स्थित यमुना नदी में नाव पर सवार होकर भजन-कीर्तन कर रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई। जानकारी के अनुसार, बांके बिहारी क्लब के ये सदस्य हर साल लुधियाना से वृंदावन दर्शन और धार्मिक कार्यक्रमों के लिए आते थे।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article