Ambikapur Congress Office Theft: छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के बीच स्थित घड़ी चौक के पास मौजूद कांग्रेस कार्यालय में चोरी की एक घटना सामने आई है। अज्ञात चोर कार्यालय में घुसकर बाथरूम में लगी नल की टोटियां चुरा ले गए। इसके साथ ही उन्होंने वॉशरूम के फ्लश सिस्टम और वॉश बेसिन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है। घटना के बाद कांग्रेस की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है। बताया जा रहा है कि यह कांग्रेस कार्यालय में चोरी की तीसरी घटना है, जिससे स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिले की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं।
"I Love Ambikapur"
अंबिकापुर स्थित राजीव भवन में शुक्रवार को चोरी की एक वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने कार्यालय में घुसकर सभी वॉशरूम से नल की टोटियां चुरा लीं। इस दौरान चोरों ने परिसर में जमकर तोड़फोड़ भी की और वॉश बेसिन, फ्लश सिस्टम तथा पाइप लाइनों को नुकसान पहुंचाया। जानकारी के अनुसार, चोरों ने करीब 73 नल की टोटियां चोरी कर लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद जाते समय उन्होंने कार्यालय के फर्श पर अंग्रेजी में "I Love Ambikapur" लिखकर सनसनी फैला दी।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं में मचा हड़कंप
शनिवार सुबह जब कार्यालय खोला गया तो घटना की जानकारी मिलते ही हड़कंप मच गया। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बताया जा रहा है कि पिछले दो सालों के अंदर राजीव भवन में यह तीसरी बार चोरी की घटना है, जिससे कांग्रेस में नाराजगी बढ़ गई है।
कांग्रेस ने प्रशासन पर गंभीर उठाए सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि शहर के बीच स्थित कार्यालय में बार-बार चोरी होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता विनीत जायसवाल ने कहा कि 73 से अधिक नल की टोटियां चोरी हुई हैं और व्यापक तोड़फोड़ की गई है, जिससे साफ है कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में सेवादल का प्रशिक्षण शिविर आयोजित होना था, लेकिन इस घटना से पार्टी को नुकसान पहुंचा है।
जिला न्यायालय भी इसी क्षेत्र में मौजूद
शहर के सबसे व्यस्त और संवेदनशील इलाके घड़ी चौक पर स्थित कांग्रेस कार्यालय में बार-बार हो रही चोरी की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं। खास बात यह है कि इस स्थान के आसपास ही यातायात पुलिस चौकी, कलेक्टर कार्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक दफ्तर मौजूद हैं। इसके अलावा जिला न्यायालय भी इसी क्षेत्र में स्थित है। ऐसे प्रमुख संस्थानों की मौजूदगी के बावजूद इस तरह की वारदातों का होना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाता है।
