भोपाल में इतिहास से जुड़ी एक अहम खोज सामने आई है। मध्य प्रदेश के अभिलेखागार से एक बेहद पुराना पत्र मिला है, जिस पर 1857 के महान स्वतंत्रता सेनानी तात्या टोपे के हस्ताक्षर हैं। हालांकि अब इसकी स्याही हल्की पड़ चुकी है, लेकिन हस्ताक्षर अब भी साफ दिखाई देते हैं। यह खोज केंद्र सरकार के ‘ज्ञान भारत मिशन’ के तहत पुराने रिकॉर्ड को डिजिटल करने के दौरान हुई।
सांकेतिक फोटो (AI Image)
अभिलेखागार में मिला खास दस्तावेज
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस पत्र पर ‘चैत्र बदी 7, संवत 1914’ की तारीख लिखी है, जो साल 1857 के आसपास की है। खास बात यह है कि यह पत्र 1857 के विद्रोह से ठीक पहले के हालात को दर्शाता है। इससे पता चलता है कि उस समय विद्रोह की तैयारी पहले से ही चल रही थी और सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा था।
क्रांति से पहले की रणनीति उजागर
यह पत्र अलग-अलग रियासतों के सूबेदारों, सरदारों, सिपाहियों और हवलदारों को संबोधित था। इससे यह पता चलता है कि तात्या टोपे और उनके साथी बड़े स्तर पर लोगों को एकजुट करने की कोशिश कर रहे थे। पत्र का लहजा बताता है कि यह कोई अचानक लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि सोच-समझी रणनीति का हिस्सा था।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मध्य प्रदेश के पुरातत्व निदेशालय के आयुक्त मदन कुमार नागरगोजे ने इसे बहुत अहम खोज बताया है। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक पत्र नहीं, बल्कि इतिहास की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इस पर तात्या टोपे के हस्ताक्षर से पता चलता है कि यह पत्र बेहद दुर्लभ और कीमती है। इससे हमें यह समझने में मदद मिलती है कि 1857 के विद्रोह की तैयारी कैसे की गई थी और उस समय नेताओं के बीच कैसे बातचीत होती थी।
अभिलेखागार के रिकॉर्ड्स से यह भी जानकारी मिलती है कि तात्या टोपे ने बैतूल, गढ़ाकोटा, ग्वालियर, झांसी और शिवपुरी जैसे मध्य भारत के कई इलाकों का दौरा किया था। इससे यह भी पता चलता है कि वे लोगों को विद्रोह के लिए तैयार कर रहे थे और उन्हें एकजुट करने की कोशिश में जुटे थे।
मराठोमोली लिपि में लिखा है पत्र
पत्र में ‘मराठमोली’ लिपि का इस्तेमाल किया गया है, जिसे समझने के लिए भाषा विशेषज्ञों सैयद नईमुद्दीन और अमोल ज्ञानेश्वर महाले की मदद ली गई। इसमें चरखारी के राजा के एक प्रस्ताव का भी जिक्र है और सभी लोगों से मलकर विचार-विमर्श करने की अपील की गई है।
