Ranchi News: रांची के लोगों को अगले दो दिनों में ठंड और सताएगी। सर्द हवाओं के कारण तापमान में तीन से पांच डिग्री तक की गिरावट आई है। सुबह में कुहासा (कोहरा) छाया रहेगा, जिससे कनकनी काफी बढ़ने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, जमशेदपुर को छोड़कर अन्य जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है। रविवार को रांची का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। आर्द्रता 41 प्रतिशत है और 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल रही है।
रांची मौसम विज्ञान केंद्र से मौसम का पूर्वानुमान किया गया जारी
शनिवार को रांची का न्यूनतम तापमान 8.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। सबसे कम तापमान रामगढ़ का था। यहां का पारा 7.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था। डालटनगंज का तापमान 7.2 डिग्री, बोकारो का 8.5 डिग्री, देवघर का 8.3 डिग्री, गिरिडीह का 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
