Ranchi-lohardaga Rail line: रांची-लोहरदगा रूट पर बहुत जल्द ट्रेनों की संख्या बढ़ेगी। नई ट्रेनों का भी परिचालन शुरू किया जाएगा। इसके लिए इस रूट के सभी स्टेशनों पर लूप लाइन बनाई जाएगी। हर स्टेशन पर लूप लाइन बनाने के लिए प्रस्ताव बनाकर भेज दिया गया है। प्रस्ताव एवं बजट मंजूर होने के बाद लूप लाइन बनाने का काम शुरू किया जाना है। फिलहाल सिंगल लाइन होने के कारण ट्रेनों के परिचालन में कई तरह की परेशानी सामने आती है। रेलवे चाहकर भी इस रूट पर ट्रेनों की संख्या नहीं बढ़ा पाता है। काफी समय से इसको लेकर विचार-विमर्श चल रहा था। अब नए साल में लूप लाइन की योजना को धरातल पर उतारने का काम शुरू कर दिया गया है।
ट्रेनों के लिए बनाई गई लूप लाइन (सांकेतिक फोटो)
लूप लाइन बनने के बाद निकटतम भविष्य में इस रूट पर लोहरदगा, टोरी होकर दिल्ली की ओर जाने वाली ट्रेनों की भी संख्या बढ़ाई जानी है। इसके अलावा रांची रेल डिवीजन के 15 स्टेशनों को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित किया जाना है। रांची से वाराणसी जाने वाली ट्रेन को लखनऊ तक विस्तार देने का प्रस्ताव भी मंत्रालय को भेजा गया है। ट्रेन के विस्तार के प्रस्ताव को भी मंजूरी मिलने की उम्मीद है। दरअसल, यह काफी पुराना प्रस्ताव है। कई बार स्थानीय यात्रियों ने रेल अधिकारियों से यह मांग की है।
