Jamshedpur News: जमशेदपुर के डुमरिया में मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नालों में उफान आ गया है। रविवार को शंख नदी में एक युवक बहते हुए करीब तीन किलोमीटर दूर तक चला गया। गनीमत रही कि रास्ते में एक पेड़ सामने आ गया, जिससे लटककर उसने अपनी जान बचाई। ग्रामीणों की तत्परता से उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
युवक ने पेड़ को पकड़कर बचाई अपनी जान
तेज धार के कारण युवक तैर नहीं सका और जादूगोड़ा से काटसाकड़ा तक बाढ़ के पानी में बहता रहा। इस दौरान एक पेड़ उसके सामने आ गया, जिसे पकड़कर वह काफी देर तक लटका रहा। बाद में उसे पेड़ से लटका देख ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और कड़ी कोशिशों के बाद उसे बाहर निकाला। युवक की समझदारी और ग्रामीणों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डुमरिया प्रखंड के बड़ाकांजिया पंचायत के मुखिया सुरेश हेंब्रम का पुत्र सुगनाथ हेंब्रम रविवार को जादूगोड़ा क्षेत्र के बुरुई पुल पर अपने चार दोस्तों के साथ मौजूद था। सभी दोस्त नदी में नहाने के लिए कपड़े उतारकर हाफ पैंट में कूदे, लेकिन सुगनाथ ने जिन्स पैंट और टी-शर्ट पहने हुए ही छलांग लगा दी। यही गलती उसे भारी पड़ी, और वह तेज बहाव में बह गया।
