Gujarat News: गुजरात ATS और राजकोट सिटी क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए राजकोट एयरपोर्ट के एयर कार्गो से करीब 180 किलोग्राम चांदी की खेप पकड़ी है। प्रारंभिक जांच में दस्तावेज अधूरे पाए गए हैं और टैक्स चोरी की आशंका जताई गई है। जब्त चांदी की अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले की आगे की जांच अब राज्य GST विभाग (SGST) को सौंप दी गई है। सूत्रों के अनुसार गुजरात ATS को इनपुट मिला था कि एयर कार्गो के जरिए बड़ी मात्रा में चांदी राजकोट पहुंचाई जा रही है और इसे एक स्थानीय व्यक्ति द्वारा रिसीव किया जाना है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए ATS ने तुरंत राजकोट सिटी क्राइम ब्रांच को अलर्ट किया और एक टीम राजकोट रवाना की गई। बताया यह भी जा रहा है कि गुजरात में दो जगहों से 280 kg चांदी जब्त की गई।
जांच SGST विभाग को सौंपी
इसके बाद गुजरात ATS और राजकोट क्राइम ब्रांच ने संयुक्त ऑपरेशन चलाकर संदिग्ध रिसीवर को ट्रेस किया। उसकी मौजूदगी में एयर कार्गो पार्सलों की जांच की गई। जांच के दौरान चांदी से जुड़े दस्तावेजों में कथित अनियमितताएं सामने आईं। अधिकारियों को प्रथम दृष्टया GST नियमों के उल्लंघन और संभावित टैक्स चोरी की आशंका दिखाई दी। मामले का मुख्य पहलू टैक्स और दस्तावेजी अनियमितताओं से जुड़ा होने के कारण राज्य GST विभाग को बुलाया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पूरी जांच SGST विभाग को सौंप दी गई है।
चांदी के आयात नियमों में बड़ा बदलाव
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब केंद्र सरकार ने चांदी के आयात नियमों में बड़ा बदलाव किया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के तहत डायरेक्टरेट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड (DGFT) ने 16 मई 2026 को जारी अधिसूचना में ITC(HS) कोड 71069221 और 71069229 के तहत आने वाली सिल्वर बार के आयात को “फ्री” श्रेणी से हटाकर “रिस्ट्रिक्टेड” श्रेणी में डाल दिया है। यह फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
क्या था चांदी की खेप का स्रोत?
नई अधिसूचना के अनुसार अब 99.9 प्रतिशत या उससे अधिक शुद्धता वाली सिल्वर बार और अन्य सिल्वर बार के आयात पर नीति शर्तें लागू होंगी। पहले इन वस्तुओं का आयात RBI नियमों के अधीन “फ्री” श्रेणी में था। हालांकि राजकोट में पकड़ी गई खेप का सीधे तौर पर नए आयात प्रतिबंध से संबंध है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि चांदी की खेप का स्रोत क्या था और दस्तावेजों में कथित गड़बड़ी किस स्तर पर हुई।
अहमदाबाद एयरपोर्ट पर ₹6.5 करोड़ का गांजा बरामद
वहीं अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के पास से 6.540 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों के अनुसार विशेष खुफिया जानकारी और पैसेंजर प्रोफाइलिंग के आधार पर AIU की टीम ने 16 और 17 मई 2026 की दरम्यानी रात थाई एयरवेज की फ्लाइट नंबर TG-343 से बैंकॉक से अहमदाबाद पहुंचे एक भारतीय नागरिक को रोका था।
जांच के दौरान यात्री के ट्रॉली बैग की तलाशी ली गई। बैग के भीतर छिपाकर रखे गए छह वैक्यूम-सील पैकेट बरामद हुए, जिनमें हरे रंग का सूखा पौधेनुमा पदार्थ मिला। प्राथमिक परीक्षण में यह पदार्थ गांजा (Marijuana/Cannabis) पाया गया। अधिकारियों ने कुल 6.540 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया। बरामद सामग्री को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act), 1985 के तहत जब्त कर लिया गया है। AIU ने आरोपी यात्री को NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि मादक पदार्थ की सप्लाई कहां की जानी थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।
