Jaipur Nagar Nigam Re Polling Results: जयपुर नगर निगम चुनाव में ईवीएम (EVM) की तकनीकी खराबी के चलते अटके चार वार्डों के फैसले गुरुवार को मतगणना के बाद साफ हो गए। 16 सितंबर को हुए पुनर्मतदान के बाद सामने आए नतीजों में कांग्रेस पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चारों वार्डों पर कब्जा जमा लिया है। इस री-पोलिंग के नतीजे आते ही अब जयपुर नगर निगम के सभी 150 वार्डों की चुनावी तस्वीर पूरी तरह से साफ हो गई है और शहर में नए बोर्ड गठन का रास्ता भी साफ हो गया है।
14 सिंतबर को गिनती केंद्र में रखे गए EVM
क्यों कराना पड़ा था पुनर्मतदान?
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार, नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 9, 18, 25 और 34 के कुल 5 मतदान केंद्रों पर 16 सितंबर को दोबारा मतदान (Re-Polling) कराया गया था। 14 सितंबर को हुई मुख्य मतगणना के दौरान इन केंद्रों की ईवीएम मशीनों में कुछ तकनीकी दिक्कतें आ गई थीं, जिसके चलते इन चार वार्डों के परिणाम रोक दिए गए थे। बुधवार को मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और गुरुवार को परिणाम घोषित कर दिए गए।
री-पोलिंग में कौन कहां से जीता?
घोषित परिणामों के अनुसार, चारों वार्डों में कांग्रेस प्रत्याशियों ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर जीत दर्ज की। वार्ड संख्या 09 में कांग्रेस प्रत्याशी कैलाशी ने 764 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं वार्ड संख्या 18 में कांग्रेस की वंदिता शर्मा ने कड़े मुकाबले में 181 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। वार्ड संख्या 25 में कांग्रेस उम्मीदवार रेखा देवी ने 397 मतों के अंतर से चुनाव जीता। वहीं वार्ड संख्या 34 कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश यादव ने 149 मतों के अंतर से सफलता पाई।
अब शुरू होगी बोर्ड गठन की घेराबंदी
इन चार वार्डों के नतीजे बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे थे, क्योंकि इनके बिना नगर निगम की वार्डवार स्थिति और बहुमत का अंतिम आंकड़ा अधूरी था। अब जबकि सभी 150 वार्डों के अंतिम नतीजे आधिकारिक रूप से आ चुके हैं, प्रमुख राजनीतिक दल जयपुर नगर निगम में अपना बोर्ड बनाने और मेयर पद के लिए अपने-अपने समीकरण साधने की तैयारी में जुट गए हैं।
