राजस्थान में आज का मौसम (27 Jan 2026): राजस्थान के आसमान पर बादलों के डेरा जमाते ही कड़ाके की धूप अब फिर से कंपकंपी में बदलने वाली है। बीते कुछ दिनों से शीतलहर का सामना कर रहे प्रदेशवासियों के लिए आने वाले 48 घंटे काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं। मौसम विभाग (IMD) ने एक नए और शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है।
राजस्थान में बारिश की संभावना
फतेहपुर में सबसे ज्यादा ठंड
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सर्दी का प्रकोप बना रहा। मौसम शुष्क रहने के बावजूद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। फतेहपुर में न्यूनतम तापमान महज 0.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। वहीं राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
12 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट
जयपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने ताज़ा अपडेट जारी करते हुए अगले कुछ घंटों के लिए 12 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट घोषित किया है। सवाई माधोपुर और दौसा सहित कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़, टोंक, बूंदी, भीलवाड़ा, जयपुर और करौली जैसे जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदलेगा मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 26 जनवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय हो रहा है। इसके असर से पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है। 27 जनवरी को इसका असर और बढ़ने की संभावना है। बीकानेर, जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश, ओले गिरने और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। हालांकि इसके चलते अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
कोहरे के बाद फिर बारिश के संकेत
मौसम विभाग ने बताया कि बारिश का यह दौर थमने के बाद 28 और 29 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में घना कोहरा छा सकता है। इसके बाद 31 जनवरी और 1 फरवरी के बीच एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे फिर से बादल और हल्की बारिश हो सकती है।
किसानों की बढ़ी चिंता
जनवरी के आखिरी दिनों में मावठ की आशंका के चलते किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। फसलों पर बारिश और ओलावृष्टि का असर पड़ सकता है। वहीं आम लोगों के लिए ठंड से राहत की उम्मीद फिलहाल कमजोर नजर आ रही है।
