राजस्थान में आज का मौसम (14 Mar 2026): राजस्थान के अधिकांश हिस्सों में पिछले 48 घंटों से बादलों के छाए रहने के कारण तापमान में गिरावट देखी गई है। विशेष रूप से शेखावाटी क्षेत्र (सीकर, झुंझुनूं और चूरू) में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे लुढ़क गया है। हनुमानगढ़ 30.2 डिग्री के साथ काफी सुहावना बना हुआ है, जबकि झुंझुनूं और सीकर में भी पारा 33 डिग्री के आसपास सिमट गया है। पिलानी और अलवर जैसे शहरों में भी तापमान 2 से 4 डिग्री तक गिर चुका है, जिससे लोगों को फिलहाल हीटवेव (लू) के खतरे से निजात मिल गई है।
राजस्थान में आंधी-बारिश का अलर्ट
पश्चिमी विक्षोभ का 'येलो अलर्ट'
जयपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से 14 मार्च को प्रदेश के 5 जिलों में धूलभरी हवाएं चलने और हल्की बारिश होने की संभावना है। असली बदलाव 15 मार्च को देखने को मिलेगा, जब जयपुर, अजमेर और भरतपुर संभाग सहित कुल 18 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर ओले भी गिर सकते हैं, जो किसानों के लिए चिंता का विषय बन सकते हैं।
बाड़मेर अब भी सबसे गर्म, राजधानी में बादलों का डेरा
भले ही उत्तरी राजस्थान में ठंडक बढ़ी है, लेकिन बाड़मेर अभी भी 39.6 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका बना हुआ है। जोधपुर, पाली और कोटा में भी पारा 38 डिग्री के आसपास बना हुआ है। वहीं, राजधानी जयपुर में शुक्रवार दोपहर से ही बादलों की आवाजाही जारी रही, जिससे अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया। गुलाबी नगरी के निवासियों को भी आने वाले 24 घंटों में हल्की बूंदाबांदी की उम्मीद है।
अप्रैल से पहले फिर होगी बारिश की एंट्री
मौसम विभाग की मानें तो राहत का यह सिलसिला यहीं रुकने वाला नहीं है। 19 से 21 मार्च के बीच एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। इसका मतलब है कि मार्च के तीसरे सप्ताह में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। अनुमान है कि आगामी एक सप्ताह तक राजस्थान के किसी भी हिस्से में पारा 40 डिग्री के पार नहीं जाएगा, जिससे भीषण गर्मी की शुरुआत में थोड़ी और देरी होगी।
