राजस्थान में आज का मौसम (10 Feb 2026): राजस्थान में दिन में गर्मी और रात में तेज सर्दी पड़ रही है। मौसम धीरे-धीरे सर्दी से गर्मी की ओर रुख कर रहा है। राज्य के लगभग सभी जिलों में दिन में तेज धूप निकलने लगी है। जिससे अधिकतम तापमान में बढ़ोत्तरी दर्ज की जा रही है। सोमवार को 8 शहरों में दिन का पारा 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। लेकिन दिन ढलने के बाद तापमान में बड़ी गिरावट भी देखने को मिल रही है। हालांकि अब धीरे-धीरे रात में भी सर्दी कम हो रही है। पिछले 24 घंटे में राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज राजस्थान में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 3-4 दिनों तक राज्य में मौसम साफ ही बना रहेगा। इस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। आज राजस्थान में कहीं भी कोहरे का भी अलर्ट जारी नहीं किया गया है। पिछले 24 घंटे में उत्तरी जिलों को छोड़कर शेष सभी जिलों में मौसम साफ रहा और दिन में तेज धूप भी निकली रही। वहीं बीकानेर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में दोपहर तक बादल छाए रहे। लेकिन शाम होने पर यहां भी मौसम साफ हो गया।
राजस्थान का सबसे गर्म और ठंडा जिला
राजस्थान में सोमवार को सबसे गर्म जिला बाड़मेर रहा, यहां का अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, फलोदी, डूंगरपुर, जालौर और चित्तौड़गढ़ में भी 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। शाम ढलने के साथ ही तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। पिछले 24 घंटे में सबसे ठंडा इलाका पाली रहा, जहां का न्यूनतम पारा 5.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा करौली में 7 डिग्री, फतेहपुर में 7.9 डिग्री, सिरोही में 8.3 डिग्री, जालोर में 9 डिग्री और नागौर में 7.4 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।
