राजस्थान में आज का मौसम (Rajasthan Weather Today 26 May 2026): राजस्थान में इन दिनों प्रचंड गर्मी पड़ रही है। इस बीच कल यानी सोमवार 25 मई से नौतपा भी शुरू हो गया है। राज्य में नौतपा की शुरुआत भीषण गर्मी और Heatwave के साथ हुई है। कल राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहा और तेज धूप के कारण तापमान में काफी बढ़ोतरी भी हुई। सोमवार को कोटा राजस्थान का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। वहीं राजधानी जयपुर में गर्मी का प्रकोप इतना अधिक रहा कि तापमान बाड़मेर और जोधपुर से भी ऊपर पहुंच गया।
राजस्थान में लू का कहर जारी, दो दिन बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक नौतपा के पहले ही दिन राज्य के कई जिलों में हीटवेव और सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रही। जैसलमेर, फलोदी और बीकानेर क्षेत्रों में दिन के समय तेज लू चलती रही, जबकि कई शहरों में रात के समय भी गर्म हवाओं का असर बना रहा। हालांकि, कल यानी बुधवार 27 मई की शाम या 28 मई से एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से मौसम में कुछ बदलाव देखने को मिल सकता है।
16 जिलों में ओलावृष्टि, 19 में हीटवेव का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में धूलभरी हवाओं, हल्की बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। उधर 19 जिलों में हीटवेव के संबंध में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी है।
पिलानी, चितौड़गढ़, बीकानेर में तापमान
राज्य के विभिन्न शहरों में तापमान लगातार ऊंचे स्तर पर बना हुआ है। कोटा में 45.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। इसके बाद चित्तौड़गढ़ और श्रीगंगानगर में 45 डिग्री, पिलानी में 44.5 डिग्री, अलवर में 44.4 डिग्री, जैसलमेर में 44.3 डिग्री तथा बीकानेर व वनस्थली में 44.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
गर्मी से लाल हुई गुलाबी नगरी जयपुर
गुलाबी नगरी जयपुर में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो बाड़मेर के 42.8 और जोधपुर के 40.4 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक रहा। शहर में न्यूनतम तापमान 30.4 डिग्री सेल्सियस रहा और गर्मी से राहत दिलाने के लिए लगातार दूसरे दिन भी सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया।
अलवर, चूरू, दौसा में वॉर्म नाइट के हालात
अलवर और हनुमानगढ़ में कल भी वॉर्म नाइट की स्थिति बनी रही, जहां न्यूनतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। कोटा, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, चूरू, करौली, दौसा और झुंझुनूं में भी रात के समय गर्म हवाओं का असर महसूस किया गया।
कितना चढ़ा झीलों के शहर उदयपुर का पारा
उदयपुर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि अजमेर में तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। सीकर जिले के फतेहपुर में तापमान 43.2 डिग्री दर्ज हुआ और मौसम विशेषज्ञों ने नौतपा के दौरान यहां पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की आशंका जताई है।
मार्को रूबियो ने छोटा किया अपना दौरा
भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। जयपुर दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो को भी तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ा, जिसके कारण उन्होंने आमेर महल के अलावा हाथी गांव का प्रस्तावित दौरा रद्द कर दिया।
जानकारों का कहना है कि अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रह सकता है, लेकिन 28 मई से उत्तर-पूर्वी राजस्थान में मौसम बदलने और तापमान में आंशिक गिरावट हो सकती है।
