Punjab News: पंजाब में एक सरकारी अधिकारी के सुसाइड केस ने सियासी हलचल तेज कर दी है। अमृतसर में पंजाब स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा ने कथित तौर पर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। भुल्लर पर प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने के गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि रंधावा ने शनिवार को जहरीला पदार्थ ‘सेल्फोस’ खाकर जान दे दी थी। इस बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह कथित तौर पर मंत्री भुल्लर पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में वह कहते सुने गए कि मंत्री के डर से उन्होंने जहर खा लिया और अब वह नहीं बचेंगे।
जांच के आदेश के बाद मंत्री ने दिया इस्तीफा
इस घटना के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भंगवत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच के आदेश दिए। साथ ही लालजीत सिंह भुल्लर से इस्तीफा देने को कहा। इसके बाद भुल्लर ने कैबिनेट से अपना इस्तीफा दे दिया। हालांकि उन्होंने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया है। रंधावा की पत्नी उपिंदर कौर की शिकायत पर अमृतसर के रंजीत एवेन्यू थाने में भुल्लर समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। FIR भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना), 351(3) (आपराधिक धमकी) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत दर्ज की गई है।
विपक्षी दलों ने AAP पर साधा निशाना
इस मामले को लेकर विपक्षी दलों ने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा है और पूर्व मंत्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। भुल्लर पर आरोप है कि वे रंधावा पर अपने पिता को वेयरहाउस टेंडर दिलाने का दबाव डाल रहे थे। साथ ही यह भी आरोप है कि रंधावा के साथ मारपीट की गई और उन्हें अपमानित किया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
