शहर

Punjab News: होशियारपुर में रिटायर पुलिसकर्मी की पत्नी की हत्या, मंदिर से लौटते वक्त मारी गोली

पंजाब के होशियारपुर में शनिवार सुबह पूर्व पुलिसकर्मी की पत्नी की हत्या कर दी। एक बाइक सवार हमलावर ने 62 वर्षीय महिला पर कई गोलियां चलाईं। जिसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।

Image

होशियारपुर में 62 वर्षीय महिला की गोली मारकर हत्या

Punjab News: पंजाब के होशियारपुर जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। शनिवार सुबह एक रिटायर पुलिसकर्मी की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 62 वर्षीय महिला मंदिर से वापस घर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार हमलावर ने महिला पर गोलियों की बौछार कर दी। जिससे उसकी मौत हो गई। इस वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। इस मामले में अभी तक हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में भी जुटी हुई है।

अस्पताल जाते समय महिला ने तोड़ा दम

यह वारदात होशियारपुर जिले के मेहनदवानी गुजरां गांव में शनिवार सुबह हुई। पुलिस के अनुसार, पंजाब पुलिस के एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी की पत्नी गांव में भूरी वालें दी कुटिया नामक धार्मिक स्थल पर मत्था टेकने के लिए गई थी। जहां से वापस घर लौटते समय अज्ञात हमलावर ने उनपर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बताया कि हमलावर की अब तक पहचान नहीं हो पाई है और उसने महिला पर कई गोलियां चलाईं। पुलिस ने बताया कि महिला हमले में गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया और हमलावर घटना के बाद फरार हो गया।

हमलावरों को पकड़ने के लिए CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि महिला के पति श्याम लाल पंजाब पुलिस में सहायक उपनिरीक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। पुलिस उपाधीक्षक दलजीत सिंह खाख ने बताया कि हमलावर को पकड़ने के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी गैंगस्टर के इस मामले से जुड़े होने का कोई संकेत नहीं मिला है और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article