पंजाब और हरियाणा में आज का मौसम: उत्तर भारत के मौसम ने अचानक ऐसा करवट लिया है कि लोगों की दिनचर्या से लेकर खेतों तक सब कुछ प्रभावित होता नजर आ रहा है। पंजाब और हरियाणा में आसमान में घिरते काले बादल, तेज हवाओं की सरसराहट और लगातार हो रही बारिश ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया है। जहां एक ओर तपती गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर यह बदला हुआ मौसम अपने साथ नई चिंताएं भी लेकर आया है। कई इलाकों में रातभर गरज-चमक के साथ बारिश होती रही, जिससे हालात और गंभीर हो गए। मौसम विभाग की चेतावनियों ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है, खासकर उन लोगों की जो सीधे तौर पर प्रकृति पर निर्भर हैं। आने वाले घंटों में हालात और बिगड़ सकते हैं या राहत मिल सकती है। इसी असमंजस के बीच लोग सतर्क भी हैं और चिंतित भी। ऐसे में आइए जानें दोनों राज्यों में आज का मौसम (Aaj Ka Mausam) कैसा रहेगा?
पंजाब और हरियाणा का मौसम
पंजाब में आज का मौसम (Punjab Weather)
मौसम विभाग ने राज्य के 22 जिलों में आज बारिश की चेतावनी जारी की है। चंडीगढ़ स्थित मौसम केंद्र के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार कुछ इलाकों में ओलावृष्टि के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं इस दौरान सुनाम, संगरूर, मलेरकोटला, मूनक, पातड़ां, समाना, पटियाला, नाभा, राजपुरा, डेराबस्सी, फतेहगढ़ साहिब, अमलोह, मोहाली, बस्सी पठाना, खन्ना, पायल, खरड़ और समराला आदि क्षेत्रों में तूफान-बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है। हालांकि, इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना जताई गई है। अगले 48 घंटों के दौरान दिन के तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि इसके बाद तापमान में क्रमिक रूप से 5 से 7 डिग्री तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं। राहत की बात यह है कि गुरुवार से मौसम के शुष्क होने की उम्मीद है।
हरियाणा में आज मौसम कैसा रहेगा? (Haryana Weather)
हरियाणा के कई जिलों में आज भी मौसम का मिजाज खराब बना हुआ है। यमुनानगर और जींद में सुबह तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि पंचकूला में हल्की फुहारें पड़ीं। मौसम विभाग ने जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला के लिए बारिश और तेज आंधी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। वहीं, पिछले दिन भी कई इलाकों में बीच-बीच में बारिश होती रही।
कृषि विशेषज्ञों ने दी किसानों को सलाह
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले एक से दो दिनों तक सिंचाई, कटाई और दवा छिड़काव जैसे कृषि कार्यों से बचें, क्योंकि तेज हवाओं के साथ हो रही बारिश फसलों को नुकसान पहुंचा सकती है। राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो औसतन करीब 2.6 डिग्री सेल्सियस तक रही, जिससे रातें पहले के मुकाबले थोड़ी कम ठंडी महसूस हुईं। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है, जबकि अधिकतम तापमान में उल्लेखनीय बदलाव देखने को मिला है।
