Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज शहर में स्थित ग्लोबल हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर के भवन का निर्माण बिना प्रयागराज विकास प्राधिकरण से मैप पास कराए किया गया था। यह वही हॉस्पिटल है, जहां पर डेंगू मरीज को प्लेटलेट्स की जगह मौसंबी का जूस चढ़ाया गया था। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर अस्पताल के मालिक के नाम की नोटिस भेज दिया गया है।
अस्पताल में भेजे गए नोटिस में बिना नक्शा पास कराए भवन क्यों बनाया गया है? इसका जवाब मांगा गया है। साथ ही पूरे डॉक्यूमेंट के साथ 28 अक्टूबर तक स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया गया है। वहीं नोटिस में आदेश नहीं मानने पर जल्द बुलडोजर चलाने की बात कही गई है।
डेंगू मरीज को प्लेटलेट्स की जगह मौसंबी का जूस चढ़ाने का आरोप
ग्लोबल हॉस्पिटल एंड ट्रामा सेंटर पर डेंगू मरीज के परिजनों ने नकली प्लेटलेट्स चढ़ाने का आरोप लगाया था। परिजनों ने बताया है कि प्लेटलेट्स चढ़ाने के बाद मरीज प्रदीप पाण्डेय की तबियत और खराब हो गई। इसके कारण उसे दूसरे अस्पताल ले गए, जहां मरीज की मौत हो गई। परिजनों ने तबियत खराब होने पर मरीज को ग्लोबल हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। डॉक्टर ने प्लेटलेट्स लाने को कहा तो 9 हजार रुपये में प्लेटलेट्स खरीदा, जिसे चढ़ाने के बाद मरीज की मौत हो गई।मरीज को चढ़ाया गया था 3 यूनिट प्लेटलेट्स
डेंगू मरीज प्रदीप पाण्डेय को ग्लोबल हॉस्पिटल में 14 अक्टूबर को भर्ती कराया गया था, जहां 16 अक्टूबर को मरीज के प्लेटलेट्स 17 हजार हो जाने पर उसको तीन यूनिट प्लेटलेट्स चढ़ाया गया था। वहीं, प्लेटलेट्स चढ़ाते वक्त मरीज की हालत बिगड़ती गई। इसके बाद ही अस्पताल से मरीज को अपने यहां से रेफर कर दिया गया था।
प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने भवन मालिक को भेजा नोटिस
19 अक्टूबर को मरीज की मौत हो गई थी। इसके बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के निर्देश पर सीएमओ प्रयागराज डॉ. नानक सरन ने ग्लोबल अस्पताल को सील कर दिया था। वहीं, नोटिस जारी किए जाने को लेकर प्रयागराज विकास प्राधिकरण के ओएसडी अभिनव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि प्रयागराज प्राधिकरण ने भवन के मालिक पप्पू लाल साहू से जवाब मांगा गया है। इस भवन का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया गया है। फिलहाल, नोटिस का जवाब मिलने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। उचित जवाब नहीं मिला तो भवन को प्रयागराज विकास प्राधिकरण के द्वारा ध्वस्त किया जाएगा।
