प्रयागराज

Prayagraj: माघ मेले के श्रद्धालुओं के लिए बहाल की गईं ये ट्रेनें, प्रयागराज स्टेशन पर होगा नॉन स्टॉप ठहराव

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 10, 2023, 12:09 AM IST

Magh Mela 2023: प्रयागराज रेलवे मंडल की ओर से कोहरे के चलते कई ट्रेनों को निरस्त कर दिया गया था। माघ मेले में श्रद्धालुओं की उमड़ती भीड़ को देखते हुए कई ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू किया जाएगा। 12 जनवरी से ट्रेनों का आवागमन प्रयागराज स्टेशन पर शुरू हो जाएगा। विशेष स्नान दिवसों पर नॉन स्टॉप ट्रेनों का प्रयागराज स्टेशन पर ठहराव होगा।

Image

प्रयागराज के माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कई ट्रेनों को रेलवे ने किया बहाल (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : ANI
KEY HIGHLIGHTS
  • भारी कोहरे के चलते निरस्त की गई थीं ट्रेनें
  • 12 जनवरी से ट्रेनों का शुरू हो जाएगा संचालन
  • विशेष स्नान दिवसों पर नॉन स्टॉप ट्रेनों का भी किया जाएगा प्रयागराज में ठहराव


Prayagraj News: माघ मेले में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने कोहरे के कारण निरस्त की गईं ट्रेनों का पुन: संचालन का निर्णय लिया है। उत्तर रेलवे की वरिष्ठ मण्डल वाणिज्य प्रबन्धक रेखा शर्मा के अनुसार, जिन ट्रेनों को निरस्त किया गया था उन्हें बहाल किया गया है। इन ट्रेनों में प्रयागराज -बरेली- प्रयागराज समेत अन्य ट्रेनों को 12 से 20 जनवरी के बीच दोबारा संचालित करने का निर्देश है। इन ट्रेनों के संचालन से माघ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा हो जाएगी।

बता दें कि प्रयागराज स्टेशन पर आने वाली मनवर संगम एक्सप्रेस को भी बहाल कर दिया गया है। इसी तरह प्रयागराज -जौनपुर जं- प्रयागराज स्पेशल का भी संचालन शुरू हो जाएगा। प्रयागराज -हरिद्वार-प्रयागराज एक्सप्रेस ट्रेन का माघ मेले के दौरान दोबारा से संचालन किए जाने का निर्देश हैं।

प्रयागराज जंक्शन पर होगा अधिक से अधिक ट्रेनों का ठहराव

मिली जानकारी के अनुसार प्रयागराज में माघ मेले के दौरान विशेष स्नान दिवसों मकर संक्रांति (15 जनवरी), मौनी अमावस्या (21 जनवरी), बसंत पंचमी (26 जनवरी), माघी पूर्णिमा (05 फरवरी) और महाशिवरात्रि (18 फरवरी) के अवसर पर प्रयागराज के स्टेशन पर नॉन-स्टॉप ट्रेनों का भी दो मिनट का ठहराव दिया जाएगा। माघ मेले में श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन अधिक से अधिक ट्रनों का संचालन करने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही प्रयागराज जंक्शन पर ट्रेनों का स्टॉपेज भी मिलेगा, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।

प्रयागराज जंक्शन पर रूट बदलने से परेशानी

जानकारी के लिए बता दें कि माघ मेले के चलते प्रयागराज जंक्शन पर सुरक्षा और एहतियात के लिए आने जाने के सिस्टम में बदलाव किया गया है। जिसके बाद से जंक्शन के सिटी साइड और सिविल लाइंस से आने जाने के लिए अलग अलग रूट निर्धारित कर दिए गए हैं। जिस वजह से सिविल लाइंस साइड से जंक्शन जाने वाले यात्रियों को काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है। उत्तर मध्य रेलवे के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी डॉ. अमित मालवीय के अनुसार प्रयागराज जंक्शन पर यात्रियों की सुरक्षा के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं। जिससे कि माघ मेला के दौरान किसी स्नान पर्व पर भीड़ बढ़े तो किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। इसीके चलते रूट का बदलाव किया गया है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल author

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच ए... और देखें

End of Article