महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां दिनदहाड़े एक युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना जालना हाईवे स्थित करमाड इलाके में गुरुवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। मृतका की पहचान 27 वर्षीय पूजा सुदाम गावंडे के रूप में हुई है, जो करमाड के शिवसमर्थ पेट्रोल पंप पर कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह अपनी ड्यूटी पर मौजूद थी, तभी अचानक उसका प्रेमी सत्यम रावसाहेब गावंडे वहां पहुंचा।
छत्रपति संभाजीनगर में प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने आते ही धारदार चाकू से पूजा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने बेरहमी की हद पार करते हुए युवती का गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ी और कुछ ही पलों में उसकी मौत हो गई। इस खौफनाक वारदात से पेट्रोल पंप पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रेमी-प्रेमिका में था विवाद
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसमें आरोपी साफ तौर पर हमला करते हुए नजर आ रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूजा और सत्यम के बीच प्रेम संबंध थे, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस जघन्य हत्या को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही करमाड पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस की मदद से तेजी से कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी को कचनेर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है, ताकि हत्या के पीछे की असली वजह और पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जा सके।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
