Ganga expressway: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज यानी बुधवार 29 अप्रैल को गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। पीएम ने मुख्यमंत्री आदित्यानथ की उपस्थिति में उत्तर प्रदेश के हरदोई में हुए कार्यक्रम में राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ को पूर्वी यूपी के प्रयागराज से जोड़ने वाला 594 किमी लंबा 6 लेन का यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां मौजूद जनसभा को भी संबोधित किया। पीएम ने गंगा एक्सप्रेसवे को मेरठ से आगे हरिद्वार तक बढ़ाने की भी बात कही।
पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन
कुंभ नगरी से जुड़गी कुंभ नगरी
पीएम मोदी (PM Narendra Modi) ने अपने संबोधन में कहा, गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। पीएम मोदी ने आज जो बात कही, अगर यह योजना जल्द ही धरातल पर उतरती है तो हस्तिनापुर, बिजनौर और नजीबाबाद जैसे शहर भी गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ सकते हैं। इस तरह से उत्तराखंड की धार्मिक नगरी हरिद्वार और प्रयागराज एक तेज रफ्तार एक्सप्रेसवे से आपस में जुड़ जाएंगे। हरिद्वार और प्रयागराज दोनों ही कुंभनगरी हैं। दोनों ही शहरों में 12-12 वर्ष बाद कुंभ मेले का आयोजन होता है। दोनों शहरों में गंगा किनारे कुंभ मेले का आयोजन होता है। कुंभ और गंगा दोनों शहरों को सांस्कृतिक तौर पर जोड़ते हैं, जबकि गंगा एक्सप्रेसवे आवाजाही को आसान बनाएगा।
फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का भी निर्माण होगा
हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के दौरान अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा, हरदोई से इसका लोकार्पण भी हो रहा है। यही नहीं, एक ओर गंगा एक्सप्रेसवे का निर्माण पूरा हुआ है, तो साथ ही, इसके विस्तार की योजना पर काम भी शुरू हो गया है। जल्द ही, गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ से आगे बढ़कर हरिद्वार तक पहुंचेगा। इसके और बेहतर उपयोग के लिए फर्रुखाबाद लिंक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर, इसे अन्य एक्सप्रेसवे से भी जोड़ा जाएगा।
उत्तराखंड में पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
हरिद्वार तक गंगा एक्सप्रेसवे के बढ़ जाने से उत्तराखंड के पर्यटन उद्योग को भी पंख लगेंगे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को हरिद्वार पहुंचने में आसानी होगी और वार्षिक चारधाम यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को भी इस गंगा एक्सप्रेसवे का वास्तविक लाभ मिलेगा। यही नहीं ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर, टिहरी, चंबा आदि जाने वाले पर्यटकों को भी गंगा एक्सप्रेसवे के रूप में तेज कनेक्टिविटी मिलेगी।
गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक बढ़ाया जाएगा
गंगा एक्सप्रेसवे की खूबियां
अभी मेरठ से प्रयागराज तक शुरू हुए गंगा एक्सप्रेसवे पर यात्रियों की सुविधा के लिए 9 आधुनिक फैसिलिटी सेंटर बनाए गए हैं। इन फैसिलिटी सेंटरों पर पेट्रोल-डीजल, CNG और EV चार्जिंग के साथ ही फूड कोर्ट, कैफेटेरिया और डॉरमेट्री जैसी सभी जरूरी व्यवस्थाएं भी दी गई हैं। गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान आपको रुकने, खाने, आराम करने और गाड़ी की जरूरतों के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
ये भी पढ़ें - चंडीगढ़ और जीरकपुर के जाम को गच्चा, Delhi to Manali का सफर सुहाना, देखें Ambala-Kurali Expressway की तस्वीरें
मेडिकल सुविधाएं भी हैं मौजूद
सुरक्षा के लिहाज से भी गंगा एक्सप्रेस-वे को खास बनाया गया है। इस एक्सप्रेसवे पर ट्रॉमा सेंटर, इमरजेंसी मेडिकल सुविधा और तेज रेस्क्यू सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी इमरजेंसी कंडीशन में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके।
