PM Modi Bengaluru Visit: रविवार यानी कल, 10 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बेंगलुरु मेट्रो की बहुप्रतीक्षित येलो लाइन जनता को समर्पित करेंगे और बेंगलुरु-बेलगावी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखायेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा साझा किए गए कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी यहां के अपने लगभग चार घंटे के दौरे के दौरान तीन कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
रविवार को बेंगलुरु के दौरे पर पीएम मोदी (फोटो - PM Narendra Modi Facebook)
तीन वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को दिखाएं पीएम मोदी हरी झंडी
सुबह 10 बजकर 30 मिनट पर एचएएल हवाई अड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर एवं सड़क मार्ग से केएसआर बेंगलुरु (शहर) रेलवे स्टेशन जाएंगे, जहां वे केएसआर बेंगलुरु-बेलगावी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे। वह अमृतसर-श्री माता वैष्णो देवी कटरा और अजनी (नागपुर)-पुणे के बीच दो और वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को भी डिजिटल माध्यम से हरी झंडी दिखाएंगे।
आरवी रोड मेट्रो स्टेशन से येलो लाइन का उद्घाटन
इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी सड़क मार्ग से येलो लाइन पर आरवी रोड (रागीगुड्डा) मेट्रो स्टेशन जाएंगे और यहां 11 बजकर 45 मिनट से 12 बजकर 50 मिनट के बीच वह येलो लाइन को हरी झंडी दिखाएंगे। प्रधानमंत्री इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन तक मेट्रो में सफर करेंगे। वहां से मोदी अंतरराष्ट्रीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) बेंगलुरु जाएंगे, जहाँ संस्थान के सभागार में वह बेंगलुरु मेट्रो चरण-चार की आधारशिला रखेंगे और आरवी रोड (रागीगुड्डा) से बोम्मासंद्रा स्टेशन तक येलो लाइन का आधिकारिक उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से एचएएल हवाई अड्डे जाएंगे और दोपहर दो बजकर 45 मिनट पर दिल्ली वापस आ जाएंगे। बेंगलुरु मेट्रो की आरवी रोड से बोम्मासंद्र तक 19.15 किलोमीटर लंबी 16 स्टेशन वाली येलो लाइन 5,056.99 करोड़ रुपये की लागत से बनाई गई है। मेट्रो के चरण तीन के तहत बनने वाली ‘ऑरेंज लाइन’ 44.65 किलोमीटर लंबी होगा और इसके निर्माण पर अनुमानित 15,611 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
(इनपुट - भाषा)
