शहर

कोटा में ढही बहुमंजिला इमारत: मलबे में 10 से 12 लोगों के दबने की आशंका, दो की मौत; राहत और बचाव कार्य जारी

राजस्थान के कोटा शहर के तलवंडी इलाके में शनिवार रात एक तीन मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इमारत के निचले हिस्से में रेस्टोरेंट चल रहा था,जहां हादसे के समय ग्राहक और कर्मचारी मौजूद थे। पुलिस और बचाव दल का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। हादसे में दो लोगों के मरने की खबर है।

Image

कोटा में बड़ा हादसा।

राजस्थान के कोटा में शनिवार रात करीब 9 बजे बड़ा हादसा हो गया। शहर के तलवंडी इलाके में एक रेस्टोरेंट की बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर पड़ी। इमारत के मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। सूचना मिलते ही पुलिस,प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। इमारत के मलबे में कई लोगों के फंसे होनें की आशंका है।

राजस्थान के कैबिनेट मंत्री मदन दिलावर ने इसे बड़ी दुर्घटना बताते हुए कहा कि अभी तक दो लोगों की मौत की सूचना मिली है और नौ लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से चार अभी भी अस्पताल में हैं, जबकि लगभग चार लोगों को निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है या वे घर चले गए हैं।

हादसे के वक्त रेस्टोरेंट में थे 10 से 15 लोग

इमारत के निचले हिस्से में एक नॉनवेज रेस्टोरेंट संचालित हो रहा था। बताया जा रहा है कि घटना के समय रेस्टोरेंट में ग्राहक मौजूद थे और करीब 12 से 15 कर्मचारी काम कर रहे थे,जिनमें से कई के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है।

तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी

बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी और उसके तुरंत बाद इमारत ढह गई। इमारत के पीछे स्थित दूसरी बिल्डिंग में पिछले कई दिनों से निर्माण कार्य चल रहा था। वहां ड्रिल मशीन और हैमर लगातार चलने से आसपास की इमारतों में तेज वाइब्रेशन महसूस किया जा रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से इमारत की संरचना कमजोर हुई होगी, हालांकि प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है।

राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मौके पर मौजूद

हादसे की सूचना मिलते ही राजस्थान सरकार के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी शुरू की। वहीं, कोटा के जिला कलेक्टर पियूष समारिया ने बताया कि अभी तक सात लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि प्रशासन स्तर पर नहीं हुई है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह इमारत चार मंजिला थी और इसके निचले हिस्से में रेस्टोरेंट चल रहा था। मलबे में अभी भी करीब एक दर्जन लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। रेस्क्यू टीमें जेसीबी और अन्य उपकरणों की मदद से मलबा हटाने में जुटी हैं। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल से दूरी बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। राहत और बचाव कार्य देर रात तक जारी रहने की संभावना है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article