Patna Junction Pothole Accident: पटना जंक्शन के बाहर जलजमाव के कारण एक कार सड़क पर बने गहरे गड्ढे में गिर गई। कार मालिक नीतू सिंह चौबे ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने जिला अधिकारी समेत सभी संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया है। उनका आरोप है कि यह घटना चुनावी माहौल में सरकार को बदनाम करने की साजिश का हिस्सा है।
पटना जंक्शन के बाहर गहरे गड्ढे में गिरी कार (फोटो: ANI)
महिला ने बीयूआईडीसीओ (BUIDCO) को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि विभाग ने सड़क पर खुदाई कर गड्ढा तो बना दिया, लेकिन पिछले 20 दिनों से उसे वैसे ही छोड़ दिया गया है। बरसात के मौसम में वह गड्ढा जलभराव के कारण दिखाई नहीं देता, जिससे अब तक पांच लोग उसमें गिर चुके हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर इस हादसे में किसी की जान चली जाती, तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेता?
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर कोई चेतावनी बोर्ड या बैरिकेड भी नहीं लगाया गया था। नीतू सिंह ने आगे कहा कि उनकी कार गिरने के तुरंत बाद एक बाइक सवार व्यक्ति भी उसी गड्ढे में गिर गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस गड्ढे में रोजाना कोई न कोई हादसे का शिकार हो रहा है।
