पटना

भोजपुर में मेला बना मातम, डिज्नीलैंड मेले में झूला टूटने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत; अस्पताल में हंगामा

भोजपुर के जगदीशपुर नगर में डिज्नीलैंड मेले के दौरान झूला टूटने से 12 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस हादसे में दो लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद परिजनों ने इलाज में लापरवाही और एम्बुलेंस देर से पहुंचने का आरोप लगाया। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में हंगामा और मारपीट की। पुलिस ने स्थिति संभाली और मामले की जांच का आश्वासन दिया।

fair-Canva

सांकेतिक फोटो

बिहार के भोजपुर जिले में शनिवार रात मेले की मस्ती मातम में बदल गई। जहां जगदीशपुर नगर में डिज्नीलैंड मेले में एक झूला टूटकर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद अस्पताल में हंगामा और मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।

मृतक बच्ची 12 वर्षीय नयना कुमारी नट टोली की निवासी थी। झूला टूटने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तत्काल जगदीशपुर रेफरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हादसे में 25 वर्षीय विभा देवी और एक दो साल की बच्ची घायल हो गईं।

बच्ची को समय पर इलाज न मिलने का आरोप

इस हादसे के बाद अस्पताल में हंगामा मच गया। परिजनों का आरोप है कि समय पर इलाज और एम्बुलेंस न मिलने से नयना की जान गई। उनका कहना है कि चिकित्सकों ने इलाज में लापरवाही की और एम्बुलेंस भी देर से पहुंची। आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसके चलते कई कर्मचारी अस्पताल छोड़कर चले गए।

दोषियो के खिलाफ होगी कार्रवाई

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस किशुन ने कहा कि अगर इलाज में देरी हुई है तो मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इस हादसे ने स्थानीय लोगों में गुस्सा और चिंता दोनों को बढ़ा दिया है।

लेटेस्ट न्यूज

Pooja Kumari
Pooja Kumari Author

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी... और देखें

End of Article