Bihar: 11 तारीख को नीतीश देंगे 1200 करोड़ का तोहफा, खातों में आएगी छह योजनाओं की पेंशन

11 जुलाई को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 1.11 करोड़ सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थियों के खातों में 1227 करोड़ की राशि डीबीटी से भेजेंगे। पहली बार बढ़ी हुई 1100 पेंशन मिलेगी। राज्य स्तर के आयोजन में 60 लाख से अधिक लोग शामिल होंगे।

Patna News: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 11 जुलाई, शुक्रवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशन पाने वाले राज्य के 1 करोड़ 11 लाख लाभार्थियों को डीबीटी से सीधे राशि भेजेंगे। इसके तहत एक हजार 227 करोड़ रुपये, छह पेंशन योजनाओं से लाभांवित लोगों के खाते में भेजे जाएंगे। यह पहला मौका होगा, जब इन्हें बढ़ी हुई यानी करीब तीन गुनी पेंशन की राशि मिलेगी। इस कार्यक्रम को पूरे राज्य में उत्सव की तरह मनाने का सरकार ने निर्णय लिया है। इसकी तैयारियों का जायजा लेने और मुकम्मल व्यवस्था बनाने के लिए मुख्य सचिव, बिहार अमृत लाल मीणा की अध्यक्षता में मंगलवार को एक अहम बैठक आयोजित की गई।

nitish 1227 crore to pensioners

DBT के जरिए भेजी जाएगी पेंशन (फाइल फोटो | PTI)

60 लाख से अधिक लोग होंगे शामिल

इस कार्यक्रम का आयोजन सभी 38 जिलों के मुख्यालय, 534 प्रखंड मुख्यालय, 8053 ग्राम पंचायत और करीब 43 हजार 790 राजस्व ग्राम में करने की तैयारी है। इसमें 60 लाख से अधिक लाभार्थियों के शामिल होने की संभावना है। इस मौके पर मुख्य सचिव ने सभी डीएम को निर्देश दिया कि सभी आयोजन स्थलों पर माननीय मुख्यमंत्री के संबोधन को सीधा सुनने और देखने की समुचित व्यवस्था हो। साथ ही लाभार्थियों के लिए यहां भोजन और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था कराई जाए। सभी आयोजन स्थलों पर पांच मिनट की एक शॉर्ट फिल्म और एक मिनट का टीवी विज्ञापन भी प्रसारित कराया जाए।

End of Feed