पटना

Bihar News: मां के गहने बेचकर पति ने पत्नी की पढ़ाई और तैयारी करवाई, सरकारी नौकरी लगते ही महिला प्रेमी संग भागी!

बिहार के वैशाली में एक पति ने अपनी मां के गहने बेचकर अपनी पत्नी की पढ़ाई और पुलिस भर्ती की तैयारी करवाई। जब पत्नी को सरकारी नौकरी मिली, तो वह पति को छोड़ अपने प्रेमी के साथ चली गई।

Image

सरकारी नौकरी लगते ही पति को छोड़ प्रेमी संग गई महिला (फोटो - AI Image)

बिहार के वैशाली जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक पत्नी सरकारी नौकरी लगने के बाद अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। पीड़ित पति, जो चांदपुर थाना क्षेत्र का निवासी है। उसने स्थानीय प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।

पति का आरोप है कि उसने अपनी मां के गहने बेचकर पत्नी को पुलिस भर्ती की तैयारी करवाई थी। फरवरी 2020 में हुई उनकी शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, और उनके 4 साल की एक बेटी भी है। 2023 में पत्नी की सरकारी नौकरी सुपौल जिले में लगी, जहां उसकी ट्रेनिंग के दौरान एक युवक के साथ नजदीकी बढ़ गई।

जब पति ने पत्नी की जॉइनिंग के बाद 10 दिन उसके पास बिताए, तो उसे पत्नी के अफेयर के बारे में पता चला। पति ने विरोध किया, जिसके बाद पत्नी ने उसे वहां से भगा दिया। पति को कुछ लोगों ने पत्नी और उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक वीडियो भेजे। जब पति ने ससुराल वालों को वीडियो दिखाने की कोशिश की, तो उन्हें भला-बुरा कहकर भगा दिया गया।

आरोप है कि ससुराल वालों ने पति को तलाक न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। चांदपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक आवेदन नहीं मिला है, लेकिन आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article